
गलती से कट गया चालान, तो नहीं काटने पड़ेंगे RTO के चक्कर; अब ऑनलाइन करें शिकायत
अगर किसी गाड़ी का गलत ट्रैफिक चालान कट गया है तो उसके मालिक या ड्राइवर को दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। परिवहन विभाग ने घर बैठे ऑनलाइन इसकी शिकायत करने की सुविधा शुरू कर दी है।
अगर आपकी गाड़ी का गलत चालान कट गया है तो घबराएं नहीं। अब कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। परिवहन विभाग ने लोगों को ऑनलाइन शिकायत की सुविधा उपलब्ध कराई है। विभाग ने त्रुटिपूर्ण ई-चालान के निरस्तीकरण और संशोधन के लिए आवेदकों के लिए ऑनलाइन सेवा उपलब्ध कराने के लिए एनआईसी को निर्देश दिया है। बिहार के परिवहन सचिव राज कुमार ने कहा कि त्रुटिपूर्ण ई चालान के निरस्तीकरण और संशोधन के लिए आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन echallan. parivahan.gov.in के माध्यम से भी शुरू की गई है।
फिलहाल आवेदकों से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों मोड में आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। ऑनलाइन सेवा शुरू होने से आम लोगों को परेशानी, समय की बर्बादी और कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी। नई व्यवस्था के तहत आवेदक घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर से गलत ई-चालान से संबंधित शिकायत दर्ज कर सकेंगे।
सभी दस्तावेज जैसे वाहन रजिस्ट्रेशन, वाहन की तस्वीर और चालान की कॉपी पोर्टल पर अपलोड किए जा सकेंगे और आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देखी जा सकेगी। विभाग ने ऑनलाइन शिकायतों की जांच प्राथमिकता के आधार पर करने और त्रुटिपूर्ण चालान को तय सीमा के अंदर निरस्त या संशोधन का निर्देश दिया। संशोधन के लिए संबंधित जिला परिवहन पदाधिकारी को भेजने के लिए कहा।
चालकों को जटिल प्रक्रियाओं से नहीं गुजरना पड़ेगा
सचिव ने कहा कि अब गलत चालान का सामना करने वाले वाहन चालकों को जटिल प्रक्रियाओं से नहीं गुजरना पड़ेगा और उन्हें समाधान भी निश्चित समय के भीतर प्राप्त होगा। परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे गलत चालान से संबंधित समस्या के लिए कार्यालय जाने की जगह ऑनलाइन शिकायत सुविधा का उपयोग करें और सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाएं।

लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।
और पढ़ें



