
पटना में कुख्यात नीतीश का हाफ एनकाउंटर, गोलीबारी कर स्वर्ण व्यापारी को लूट भागा था
पटना जिले के मनेर में गुरुवार देर रात हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी नीतीश कुमार पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। नीतीश और उसके साथ क्षेत्र में कोई बड़ी वारदात करने जा रहे थे। गुप्त सूचना पर पुलिस पहुंची तो अपराधियों ने फायरिंग कर दी।
बिहार के पटना जिले के मनेर में गुरुवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मनेर थाना क्षेत्र के दरवेशपुर रतन टोला इलाके में गंगा नदी के किनारे हुए इस एनकाउंटर में एक अपराधी को पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल अपराधी की पहचान नीतीश कुमार के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल, एक कट्टा और दो खोखा बरामद किया है।
बताया जा रहा है कि नीतीश मनेर के स्वर्ण व्यापारी संजय सोनी की दुकान पर 9 जनवरी को लूटपाट के दौरान गोलीबारी की थी। इसमें संजय सोनी घायल हो गए थे। इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस नीतीश की तालाश में जुटी थी। गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि वह दरवेशपुर इलाके में बड़ी घटना को अंजाम देने पहुंचा है।
इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में नीतीश कुमार के पैर में गोली लगी। आरोपी मनेर के चौरासी टोला का रहने वाला है। इस संबंद में पटना के सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मुठभेड़ में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।

लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।
और पढ़ें



