
दहेज हत्या के आरोपियों के घर इश्तेहार चस्पा; सरेंडर नहीं करने पर कुर्की होगी
पश्चिमी चंपारण के चनपटिया में दहेज हत्या मामले के फरार आरोपित सत्यम कुमार, उसकी पत्नी रेखा देवी और मां मुन्नी देवी के घर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार चस्पा किया। समय पर आत्मसमर्पण नहीं करने पर संपत्ति कुर्क की जाएगी।
पश्चिमी चंपारण के चनपटिया के मिसकार टोला वार्ड संख्या-14 निवासी सत्यम कुमार, उसकी पत्नी रेखा देवी एवं मां मुन्नी देवी की गिरफ्तारी नहीं होने पर चनपटिया पुलिस ने शनिवार को न्यायालय के आदेश पर सत्यम के घर पर इश्तेहार चस्पा किया है। पुलिस बैंड बाजा के साथ उसके घर पर पहुंची और इश्तेहार चस्पाया। थानाध्यक्ष प्रभाकर पाठक ने बताया कि दहेज हत्या के मामले में सभी आरोपित गिरफ्तारी के डर से घर छोड़कर फरार हैं। न्यायालय के आदेश पर उसके घर पर पुलिस टीम ने इश्तेहार चस्पा किया है। निर्धारित समय के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करने की स्थिति में चल-अचल संपत्ति को न्यायालय के आदेश पर कुर्क किया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चनपटिया थाने के मिसकार टोला की रहनेवाली नवविवाहिता सनकेशी कुमारी की गत 13 सितंबर को दहेज के लिए ससुराल वालों ने गला दबाकर हत्या कर दी थी। मामले मे नवविवाहिता के पिता सीरिसिया थाने के सीरिसिया गांव निवासी केदार साह ने चनपटिया थाने में अपने दमाद शिवम कुमार समेत परिवार के चार लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराया था। एफआईआर में केदार साह ने ससुराल पक्ष के लोगों पर बेटी की गला दबाकर हत्या कर देने का आरोप लगाया था।
एफआईआर के बाद पुलिस की टीम अनुसन्धान में जुट गयी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति शिवम को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था। वही अन्य आरोपित फरार चल रहे हैं। ईधर, न्यायालय के आदेश पर शनिवार को केस के आईओ शशिकांत दुबे ने दलबल के साथ पहुंच आरोपितों के घर पर इश्तेहार चस्पाया।





