अब HIV की पहचान के लिए खून की जांच जरूरी नहीं, दो छात्रों की नई तकनीक को मिला पेटेंट

हिन्दुस्तान, रिंकू झा, मुख्य संवाददाता, पटना
Follow us on Google News
share

छात्रों ने इस तकनीक को बिहार के सरकारी अस्पतालों में लागू करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग और बिहार राज्य एड्स कंट्रोल सोसायटी से संपर्क किया है। उनका कहना है कि यदि इस तकनीक को अपनाया जाता है, तो एचआईवी जांच के लिए रक्त के नमूने एकत्र करने की आवश्यकता काफी हद तक समाप्त हो सकती है।

HIV

अब बिना रक्त जांच के भी एचआईवी की पहचान संभव होने का दावा किया गया है। आईआईटी पटना और एनआईईटी नोएडा के छात्र ने एक तकनीक विकसित की है, जिससे किसी व्यक्ति में एचआईवी संक्रमण जांच के लिए रक्त का नमूना लेने की जरूरत नहीं होगी। हथेली या कंधे के पीछे के हिस्से को स्कैन करके एचआईवी संक्रमण की स्क्रीनिंग की जा सकेगी। इस तकनीक को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से 25 अप्रैल, 2026 को पेटेंट भी प्रदान किया गया है। दोनों छात्रों ने एक विशेष थर्मल कैमरा विकसित किया है।

कैमरे की मदद से हथेली या कंधे के पीछे के हिस्से को स्कैन कर यह पता लगाया जा सकता है कि व्यक्ति एचआईवी पॉजिटिव है या नहीं। आईआईटी पटना के कंप्यूटर साइंस (2024 बैच) के छात्र अंकित शंकर ने बताया कि इससे एचआईवी की पहचान आसान, तेज और सुविधाजनक हो जाएगी। स्कैनिंग पूरी होने के तुरंत बाद परिणाम भी उपलब्ध हो जाएगा। वहीं, एनआईईटी नोएडा के कंप्यूटर साइंस (2024 बैच) के छात्र पार्थ शांडिल्य ने बताया कि स्कैनिंग के बाद एक स्कोर बोर्ड तैयार होता है, जिसके आधार पर एचआईवी संक्रमण की आशंका का आकलन किया जाता है।

वर्तमान में रक्त नमूने से होती है एचआईवी की जांच

वर्तमान में एचआईवी की जांच रक्त के नमूने के माध्यम से की जाती है। किसी व्यक्ति में संक्रमण की आशंका होने पर उसका रक्त नमूना लिया जाता है, जिसे जांच के लिए पीएमसीएच के बायोमाइक्रोबायोलॉजी विभाग की प्रयोगशाला में भेजा जाता है। जांच के बाद ही यह पता चलता है कि व्यक्ति एचआईवी पॉजिटिव है या निगेटिव। पूरी प्रक्रिया में सामान्यतः 10 से 15 दिन का समय लग जाता है।

स्वास्थ्य विभाग और बिहार राज्य एड्स कंट्रोल सोसायटी से किया संपर्क

छात्रों ने इस तकनीक को बिहार के सरकारी अस्पतालों में लागू करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग और बिहार राज्य एड्स कंट्रोल सोसायटी से संपर्क किया है। उनका कहना है कि यदि इस तकनीक को अपनाया जाता है, तो एचआईवी जांच के लिए रक्त के नमूने एकत्र करने की आवश्यकता काफी हद तक समाप्त हो सकती है। इससे जांच प्रक्रिया अधिक सरल, तेज और सुविधाजनक होगी।

7.86 लाख लोगों पर किया गया परीक्षण

पेटेंट मिलने के बाद छात्रों ने विभिन्न अस्पतालों के सहयोग से इस तकनीक का परीक्षण किया। अंकित शंकर ने बताया कि उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के कई अस्पतालों में अबतक 7 लाख 86 हजार 330 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। इनमें 1,800 लोग एचआईवी पॉजिटिव पाए गए, जबकि लगभग दो लाख लोग हाई-रिस्क श्रेणी में आए, यानी उनमें संक्रमण की आशंका पाई गई। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के कई सरकारी अस्पतालों में तीन लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। वहीं, पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में अब तक 36 लोगों की जांच की गई, जिनमें 50 प्रतिशत लोगों में एचआईवी संक्रमण की पुष्टि हुई।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।