दबंगई, दलाली, मोबाइल में रील्स देखना अब और नहीं; बिहार में पुलिस वालों पर डीजीपी सख्त
विनय कुमार ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी स्तर पर दुर्व्यवहार के मामले बर्दाश्त नहीं होंगे। थानों में दलालों की एंट्री पर रोक लगाने को लेकर थानों के विजिटर रजिस्टर में आंगुतकों का ब्योरा दर्ज करना अनिवार्य होगा।

फील्ड में दबंगई दिखाने वाले पुलिसकर्मियों पर नकेल कसी जा रही है। बीते पखवारे करीब आधा दर्जन ऐसे मामले सुर्खियों में रहे, जिनमें बिहार पुलिस के पदाधिकारी-कर्मियों के दबंगई भरे व्यवहार ने पुलिस की छवि पर दाग लगाया। शीर्ष स्तर पर सम्मानजनक आचरण की नसीहत से इतर इन पुलिस कर्मियों की आम लोगों के साथ बदसलूकी की तस्वीरें व वीडियो खूब वायरल हुए। पुलिस मुख्यालय ने ऐसे मामलों में निलंबन से लेकर लाइन हाजिर तक की कार्रवाई कर सख्त संदेश दिया है।
पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी स्तर पर दुर्व्यवहार के मामले बर्दाश्त नहीं होंगे। दोषी पुलिसकर्मियों पर तत्काल निलंबन व विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। आम जनता में पुलिस का विश्वास बनाये रखने तथा पुलिसकर्मियों के व्यवहार में सुधार व अनुशासन को लेकर पुलिस मुख्यालय ने कई निर्देश जारी किए हैं। बीते साल थानों में दलालों की एंट्री पर रोक लगाने को लेकर थानों के विजिटर रजिस्टर में आंगुतकों का ब्योरा दर्ज किए जाने की व्यवस्था की गयी।
अनावश्यक मोबाइल चलाने पर रोक
डीजीपी के आदेश में ड्यूटी अवधि में अनावश्यक मोबाइल चलाने वाले पुलिसकर्मियों को चेतावनी दी गयी। पुलिस के जवान और अफसर ड्यूटी के दौरान अक्सर मोबाइल में रिल्स देखते या चैटिंग करते देखे जाते हैं। सभी पुलिसकर्मी को सरकारी नंबर की वाट्सएप डीपी में अपनी वर्दी लगी फोटो लगाने का निर्देश मिला।
इन मामलों में कार्रवाई
● नालंदा: आरोपित को गिरफ्तारी करने गये थरथरी थानाध्यक्ष की ओर से आंगनबाड़ी सेविका का बाल खींचने व थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल हुआ। मामले में एसपी भरत सोनी ने जांच के बाद थानाध्यक्ष के निलंबन की प्रक्रिया शुरू की है।
● पटना: बिहटा थाने की महिला दारोगा श्वेता कुमारी ने रास्ता विवाद सुलझाने के दौरान एक व्यक्ति पर थप्पड़ चला दिया। वीडियो वायरल होने पर सिटी एसपी पश्चिमी भानुप्रताप सिंह ने अनुशासनहीनता के आरोप में महिला दारोगा को लाइन हाजिर कर दिया।
● पटना: नीट छात्रा मामले में शुरुआती जांच में लापरवाही बरतने पर चित्रगुप्त नगर थाना प्रभारी रोशनी कुमारी और कदमकुआं के अपर थानाध्यक्ष हेमंत झा को निलंबित कर दिया गया। उन पर पीड़ित के परिजनों ने भी आरोप लगाये थे।
● सारण: पुलिस केंद्र में तैनात पीटीसी जवान कन्हैया तिवारी नशे में महिला परिचारी से दुर्व्यवहार किया। ब्रेथ एनलाइजर टेस्ट के बाद एसएसपी ने जवान को हिरासत में लेते हुए निलंबित कर दिया।
● दरभंगा: गलत दिशा में घुसी कार के ड्राइवर के साथ गाली-गलौज व मारपीट। कार की पिछली सीट पर बैठी महिला डॉक्टर ने इस घटना का वीडियो बनाया।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें


