
देखिए हमारा पहलवान कितना... नित्यानंद ने सतीष यादव का हाथ पकड़ तेजस्वी को यह चैलेंज दिया
Bihar Chunav: नित्यानंद राय ने कहा कि तेजस्वी यादव को राघोपुर की धरती पर पराजित करके वापस भेजेंगे और बिहार को और ज्यादा बदनाम होने से बचाएंगे। अब बिहार में फिर से जंगलराज नहीं आएगा।
Bihar Election: बिहार में विधानसभा चुनाव की गतिविधियां चरम पर हैं। जेडीयू और भारतीय जनता पार्टी ने अपने कोटेकी सभी 101 सीटों के प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। राघोपुर से तेजस्वी यादव के खिलाफ बीजेपी ने सतीष यादव को उतारा है। गुरुवार को सतीष यादव के नॉमिनेशन में पहुंचे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लालू के लाल को चैलेंज कर दिया। सभी दलों के उम्मीदवार नामांकन कर रहे हैं।

नामांकन के बाद मीडिया कर्मियों से बात करते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि देखिए हमारा पहलवान कितना मजबूत है। कहा कि तेजस्वी यादव को राघोपुर की धरती पर पराजित करके वापस भेजूंगा और बिहार को और ज्यादा बदनाम होने से बचाउंगा। अब बिहार में फिर से जंगलराज नहीं आएगा।
केंद्रीय मंत्री ने वैशाली जिला के विभिन्न एनडीए प्रत्याशियों के साथ पहले महादेव की पूजा की। उन्होंने कहा कि एनडीए पूरी ताकत से बिहार के विकास का चुनाव लड़ रहा है। हमारे प्रत्याशी इमानदार और कर्मठ हैं। हमने संकल्प लिया है कि वैशाली की सभी आठों सीटों पर एनडीए की जीत होगी। सभी विधायक अपने क्षेत्र की जनता की सेवा करेंगे। अब बिहार में किसी भी कीमत पर जंगलराज की वापसी नहीं होने देंगे। लालू यादव, तेजस्वी यादव की मंशा कभी पूरी नहीं होगी।
गुरुवार को बिहार के कई दिग्गजों ने चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। पटना के दानापुर से रामकृपाल यादव ने नामांकन दाखिल किया। इसमें यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शिकरत की। डिप्टी सीमम सम्राट चौधरी ने तारापुर से नॉमिनेशन किया। तेजप्रताप यादव ने महुआ विधानसभा सीट से नॉमिनेशन किया।
बिहार में दो चरणों में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं।6 नवंबर और 11 नवम्बर को वोटिंग तो 14 नवंबर को मतगणना होगी। 16 नवम्बर तक चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।



