बिहार-बंगाल के कुछ जिलों को काट नया केंद्र शासित राज्य बनेगा? नित्यानंद राय ने दिया जवाब

Mar 08, 2026 06:58 am ISTहिन्दुस्तान टीम हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share

पप्पू यादव ने लिखा था, ‘पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू कर बिहार विधानसभा से प्रस्ताव पारित करा कर सीमांचल और मालदा, मुर्शिदाबाद, रायगंज दिनाजपुर आदि जिलों को मिलाकर एक केंद्र शासित प्रदेश बनाने का खेल बीजेपी करने वाली है।’

बिहार-बंगाल के कुछ जिलों को काट नया केंद्र शासित राज्य बनेगा? नित्यानंद राय ने दिया जवाब

हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर इस बात की काफी चर्चा हो रही थी कि बिहार औऱ बंगाल के कुछ जिलों को काटकर एक अलग केंद्र शासित प्रदेश जल्द ही बनाया जा सकता है। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने इस संबंध में एक्स पर दावा भी किया था। लेकिन अब नए केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने को लेकर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि केन्द्र सरकार की ओर से बिहार और बंगाल के कुछ जिलों को मिलाकर केन्द्र शासित प्रदेश बनाने की कोई योजना नहीं है। इसमें कोई सच्चाई नहीं है।

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के ट्वीट का जवाब देते हुए राय ने कहा कि पूर्णिया के सांसद लोगों को गुमराह करने के लिए इस तरह के अफवाह फैला रहे हैं। पप्पू यादव की बातें तथ्यों से पूरी तरह परे है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पप्पू यादव की बात को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। लोग अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान ना दें। पूर्णिया के सांसद का ट्वीट भ्रामक है। उनकी बातों की कोई विश्वसनीयता नहीं है। सांसद को लोगों को गुमराह करने की बात नहीं करनी चाहिए।

पप्पू यादव ने क्या कहा था

आपको बता दें कि एक्स पर 6 मार्च को सबसे पहले एक्स पर पप्पू यादव ने लिखा था, 'पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लागू कर बिहार विधानसभा से प्रस्ताव पारित करा कर सीमांचल और मालदा, मुर्शिदाबाद, रायगंज दिनाजपुर आदि जिलों को मिलाकर एक केंद्र शासित प्रदेश बनाने का खेल बीजेपी करने वाली है। नीतीश जी को हटाने और लेफ्टिनेंट जनरल राज्यपाल लाने के पीछे का यह खेल है।'

इसके बाद जब केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने इस मसले पर स्थिति साफ की तब पप्पू यादव ने एक्स पर एक और प्रतिक्रिया दी है। पप्पू यादव ने लिखा है, ‘नित्या बाबू,नमस्ते। बिना आग का कोई धुंआ नहीं उठता! HM तीन दिन सीमांचल में रहे,फिर बिहार में सैनिक पृष्ठभूमि का गवर्नर और बंगाल में IB के पूर्व अधिकारी को गवर्नर बनाना संदेह पैदा करता है। अगर नहीं UT बनाए तो अच्छी बात है,अगर बनाए तो हम पूरी गंभीरता से लेंगे।आर्थिक नाकेबंदी करेंगे।’

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।