नीतीश के बेटे की राजनीतिक पारी का आगाज आज, JDU में शामिल हो रहे हैं निशांत कुमार

Mar 05, 2026 09:39 am ISTRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

Nishant Kumar JDU News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इकलौते बेटे निशांत कुमार आज गुरुवार को पिता के नेतृत्व वाली पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में शामिल हो रहे हैं। मंत्री जमा खान ने कल इस बात का ऐलान किया था।

नीतीश के बेटे की राजनीतिक पारी का आगाज आज, JDU में शामिल हो रहे हैं निशांत कुमार

Nishant Kumar JDU News: बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के वरिष्ठ नेता जमा खान ने कहा है कि 5 मार्च यानी आज नीतीश के इकलौते बेटे निशांत कुमार औपचारिक तौर पर जेडीयू में शामिल हो जाएंगे। कई दिनों से निशांत कुमार के राजनीति में आने की अटकलें लग रही थीं। जदयू के कई नेता लगातार निशांत की राजनीतिक पारी शुरू होने से जुड़े बयान दे रहे थे और नीतीश पर दबाव बना रहे थे कि वो बेटे को राजनीति में उतारें। नीतीश अब तक परिवार को राजनीति से दूर रखने में कामयाब रहे और राजनीति में परिवारवाद के लिए लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते रहे हैं।

बिहार में मुख्यमंत्री बदलने की आहटों के बीच पटना में बुधवार को अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान ने कहा था कि 5 मार्च को निशांत जदयू में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि निशांत के स्वागत के लिए पार्टी की तरफ से तैयारी पूरी हो गई है। जमा खान ने कहा कि निशांत को पार्टी में शामिल करने को लेकर सभी कार्यकर्ताओं का दबाव था। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों की भी इच्छा थी। ऐसे में उन्हें पार्टी में शामिल कर नई जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। कल तक चर्चा थी कि निशांत को जेडीयू इस बार राज्यसभा भेजेगी। लेकिन आज सुबह से उनके पिता नीतीश के ही राज्यसभा जाने और निशांत के डिप्टी सीएम बनने की चर्चा है। अगली सरकार में मुख्यमंत्री बीजेपी का होगा।

बिहार से राज्यसभा की 5 सीटों के चुनाव के लिए नामांकन का 5 मार्च को आखिरी दिन है। गुरुवार को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, भाजपा नेता शिवेश राम नामांकन करने जा रहे हैं। एनडीए की तरफ से 2 और कैंडिडेट जेडीयू के होंगे, जिनके नाम की घोषणा बाकी है। सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर का नाम तय है। हरिवंश नारायण सिंह की सीट के लिए नाम का फैसला नीतीश कुमार को करना है और वो नाम खुद उनका भी हो सकता है।

सूत्रों के मुताबिक बीजेपी ने जेडीयू के केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा को यह संदेश दिया है कि वो नीतीश कुमार को राज्यसभा जाने के लिए मनाएं और सीएम का पद अब भाजपा को दे दें। इस सिलसिले में पटना में संजय झा की नीतीश कुमार से मुलाकात हुई है। बाद में संजय झा के आवास पर जेडीयू नेताओं के पहुंचने का सिलसिला लगा रहा। थोड़ी देर पहले सीनियर मंत्री विजय चौधरी ने कहा है कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर चर्चा हो रही है, लेकिन इसका फैसला नीतीश कुमार ही करेंगे।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।