नीतीश चले दिल्ली, अब भाजपा का सीएम; राज्यसभा चुनाव नतीजों के बाद नई सरकार का गठन

Mar 05, 2026 09:40 am ISTRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

Bihar CM Nitish News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं। बिहार में अगला मुख्यमंत्री भाजपा का होगा। नई सरकार के गठन की प्रक्रिया राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद ही शुरू होगी। जेडीयू नेता और मंत्री विजय कुमार चौधरी ने इसकी पुष्टि कर दी है।

नीतीश चले दिल्ली, अब भाजपा का सीएम; राज्यसभा चुनाव नतीजों के बाद नई सरकार का गठन

बिहार में सुशासन बाबू के नाम से मशहूर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दो दशक लंबी पारी खेलने के बाद एक बार फिर राज्यसभा सांसद के तौर पर केंद्र की राजनीति में लौट रहे हैं। होली की सुबह से ही नीतीश के राज्यसभा जाने की चर्चा थी, जिसे अब उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने मान लिया है। अब आगे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का मुख्यमंत्री होगा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की नई सरकार के गठन की कवायद राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद शुरू हो जाएगी। जेडीयू के बड़े नेता और नीतीश सरकार के सबसे कद्दावर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने इन बातों की पुष्टि करते हुए हिन्दुस्तान से कहा है कि नीतीश अपनी मर्जी से राज्यसभा जा रहे हैं।

विजय कुमार चौधरी ने जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मुलाकात के बाद शाम में मीडिया से कहा था कि नीतीश के राज्यसभा जाने को लेकर चर्चा चल रही है, लेकिन इसका फैसला नीतीश कुमार को लेना है। सूत्रों का कहना है कि नीतीश कल यानी 5 मार्च गुरुवार को सुबह 11.30 बजे राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। बिहार से राज्यसभा की खाली हो रही 5 सीटों के चुनाव के लिए नामांकन का कल ही आखिरी दिन है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, बीजेपी नेता शिवेश राम को भी पर्चा भरना है। राज्यसभा नामांकन के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कल पटना आने की खबर है।

नीतीश कुमार की जेडीयू ने अपने कोटे के 2 राज्यसभा कैंडिडेट के नाम की घोषणा अब तक नहीं की है, लेकिन केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर को तीसरा टर्म मिलना तय लग रहा है। दूसरे कैंडिडेट के नाम को लेकर कभी मनीष वर्मा, कभी निशांत कुमार की चर्चा होती रही थी। लेकिन बीजेपी ने जदयू को नीतीश को राज्यसभा जाने और अपनी जगह पर भाजपा का मुख्यमंत्री बनाने के लिए मनाने को कहा। इस काम में संजय झा और ललन सिंह भी लगाए गए। सुबह संजय झा नीतीश से मिलने उनके आवास गए थे और उसके बाद संजय झा से जेडीयू के कई नेता मिले।

जेडीयू में दिन भर चले घटनाक्रम के बाद देर शाम विजय चौधरी ने बता दिया कि नीतीश कुमार कल नामांकन दाखिल कर रहे हैं। नीतीश कुमार, नितिन नवीन समेत एनडीए के 5 उम्मीदवारों का पर्चा भरवाने के लिए कल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी पटना आ रहे हैं। राज्यसभा सांसदों का टर्म एक महीने बचा है। 9 अप्रैल को रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा, हरिवंश, प्रेमचंद गुप्ता और एडी सिंह का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इनमें रामनाथ और उपेंद्र को दोबारा मौका मिल रहा है। नीतीश और अन्य निर्वाचित सांसदों को अप्रैल में राज्यसभा की सदस्यता की शपथ दिलाई जाएगी। नीतीश शपथ से पहले मुख्यमंत्री का पद छोड़कर दिल्ली की राजनीति करने चले जाएंगे।

विपक्षी दलों में एक कैंडिडेट पर सहमति नहीं बन पाई है। लालू यादव और तेजस्वी यदव का राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) भी कल ही अपने कैंडिडेट के नाम का ऐलान करेगा। महागठबंधन के पास 35 विधायक हैं, लेकिन एक सीट जीतने के लिए 41 एमएलए का समर्थन चाहिए। विपक्ष में 6 और विधायक हैं, लेकिन वो असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के 5 और मायावती की बसपा के 1 नेता हैं। ओवैसी की पार्टी अपना कैंडिडेट उतारने और महागठबंधन से उसका समर्थन करने कह रही है। अगर चुनाव में छठा कैंडिडेट उतरता है तो मतदान होगा। नहीं तो एनडीए के सारे कैंडिडेट बिना लड़े निर्विरोध जीत जाएंगे।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।