
ओसामा शहाब से नीतीश के मंत्री ने मिलाया हाथ, बोले- घर आइएगा, छोटा भाई बताया
बिहार विधानसभा सत्र के पहले दिन शपथ ग्रहण के बाद नीतीश सरकार के मंत्री जमा खान RJD विधायक ओसामा शहाब से हाथ मिलाते नजर आए। इतना ही नहीं जमा खान ने ओसामा को अपने घर भी बुलाया और कहा कि वह उनके भाई जैसे हैं।
बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन एक अलग तस्वीर देखने को मिली। जब शपथ ग्रहण के बाद नीतीश सरकार में मंत्री और चैनपुर से जदयू विधायक जमा खान राजद विधायक ओसामा शहाब से हाथ मिलाते दिखे। इस दौरान उन्होने घर आने का न्यौता भी दिया। और कहा कि वे उनके छोटे भाई की तरह है। सदन के जितने भी सदस्य हैं, सभी हमारे भाई हैं, फिर चाहे वे विपक्ष के हों, या पक्ष के हों।
वहीं एक सवाल के जवाब में उन्होने कहा कि अगर रघुनाथपुर की कोई समस्या लेकर ओसामा शहाब उनके पास आते हैं, तो वे जरूर सुनेंगे। हमारे नेता नीतीश कुमार सबके विकास और उत्थान की बात करते हैं। कोई भेदभाव नहीं करते। आपको बता दें बाहुबली और पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के ओसामा शहाब बेटे हैं। उन्होने भी आज ही विधानसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली है। राजद के टिकट पर सीवान की रघुनाथपुर सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं।
दरअसल सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही खत्म होने के बाद ओसामा गाड़ी में बैठकर निकलने ही वाले थे तभी जेडीयू कोटे के मंत्री जमा खान उनके पास जा पहुंचे और खुद बढ़कर ओसामा से हाथ मिलाया और कहा कि घर आइए, इसपर ओसामा ने कहा कि जरूर आएंगे। इस नजारे को देखकर वहां मौजूद मीडियाकर्मियों ने जब सवाल पूछा। जिस पर उन्होने कहा कि इसमें दिक्कत क्या है। वह भाई है इसमें क्या दिक्कत है। वह सदन के सदस्य हैं, छोटे भाई हैं, इसमें दिक्कत कहां है। विधानसभा के जितने सदस्य हैं सभी हमारे भाई हैं। वक्त पड़ता है तो लड़ते हैं और वक्त आता है तो विकास के लिए बैठकर बात भी करते हैं।
विधानसभा सत्र के पहले दिन नवनिर्वाचित कुल 235 विधायकों ने शपथ ली। वहीं सात विधायक शपथ नहीं ले पाए हैं। जिसमें मदन सहनी, जीवेश मिश्रा, विनय बिहारी, केदारनाथ सिंह, अनंत सिंह, डॉ. सुनील कुमार और अमरेन्द्र पांडेय शामिल हैं। प्रोटेम स्पीकर को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने राजभवन में ही शपथ दिलायी थी





