नीतीश कुमार ने बिहार के 49 लाख स्टूडेंट्स के बैंक खातों में 2920 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए
संक्षेप: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को 49 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स के बैंक खातों में शिक्षा विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के 49 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 2920 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले नीतीश सरकार जनता को विभिन्न योजनाओं का लाभ देने में जुटी है। इसी क्रम में सीएम ने शनिवार को पटना के 1, अणे मार्ग स्थित संकलप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्कूली स्टूडेंट्स को पोशाक, साइकिल, कन्या उत्थान जैसी योजनाओं की राशि भेजी।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को 49 लाख 9 हजार 336 छात्र-छात्राओं के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए कुल 2920 करोड़ रुपये भेजे। इस राशि के अंतर्गत मुख्यमंत्री बालिका (इंटरमीडिएट उतीर्ण) प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री साइकिल योजना, मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालक पोशाक योजना, छात्रवृत्ति योजना, कन्या उत्थान योजना जैसी अनेक शैक्षिक योजनाओं के लाभ प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग की 958.79 करोड़ रुपये की 331 इंफ्रास्ट्रक्चर संबंधी परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया। सरकार से मिली जानकारी के अनुसार, इनमें 426.10 करोड़ रुपये की लागत वाली 259 पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। वहीं, 532.69 करोड़ रुपये की लागत वालीं 72 नई परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ।
ये प्रोजेक्ट स्कूल भवन, विज्ञान प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, छात्रावास, शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाओं को विकसित करने से जुड़े हुए हैं। नीतीश सरकार ने कहा कि 2005 में राज्य का कुल शिक्षा बजट 4,366 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 77,690 करोड़ रुपये हो गया है। सरकार ने दावा किया कि बिहार में बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति करते हुए नए स्कूल भवनों के निर्माण और बुनियादी ढांचे के विकास के जरिए शिक्षा क्षेत्र में सुधार किया गया है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)





