नीतीश कुमार के जन्मदिन पर चर्चा में बेटा, निशांत के पॉलिटिकल डेब्यू पर JDU से अपडेट

Mar 01, 2026 07:22 pm ISTJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share Share
Follow Us on

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन पर उनके बेटे निशांत कुमार चर्चा में हैं। निशांत के राजनीति में आने पर जेडीयू नेताओं ने अपडेट दिया है। निशांत भी अपने पिता के जन्मदिन पर काफी सक्रिय रहे। 

नीतीश कुमार के जन्मदिन पर चर्चा में बेटा, निशांत के पॉलिटिकल डेब्यू पर JDU से अपडेट

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन पर रविवार को उनके बेटे निशांत की चर्चा जोर-शोर से होती रही। निशांत कुमार के राजनीति में आने पर नीतीश की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) में मांग तेज हो गई है। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत अन्य वरीय नेताओं ने निशांत के जल्द राजनीति में आने के संकेत दिए हैं। वहीं, निशांत भी अपने पिता के जन्मदिन पर सक्रिय रहे।

निशांत कुमार रविवार को पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर पहुंचे और बजरंग बली की पूजा-अर्चना की। फिर वहां से सीधे वे 1, अणे मार्ग स्थित सीएम आवास पहुंचे। निशांत ने पैर छूकर अपने पिता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उन्हें महावीर मंदिर का प्रसाद खिलाया।

वहीं, अखिल भारतीय अति पिछड़ा महासभा की ओर से समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी के पटना स्थित सरकारी आवास पर सीएम नीतीश के जन्मदिन के मौके पर बिहार गौरव दिवस का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में पहुंचे जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि पार्टी के सभी लोगों की भावना है कि मुख्यमंत्री के बेटे राजनीति में आए और जेडीयू में शामिल हों। वे पूर्व में कह चुके हैं कि निशांत के पॉलिटिकल डेब्यू पर अंतिम फैसला खुद नीतीश कुमार करेंगे।

वहीं, जेडीयू की सहयोगी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के चीफ उपेंद्र कुशवाहा ने सीएम नीतीश कुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान नीतीश के बेटे के पॉलिटिकल डेब्यू पर उन्होंने कहा कि निशांत को मौका दिया जाना चाहिए। उनके पिता मुख्यमंत्री हैं और यह विषय जेडीयू से संबंधित है। ऐसे में इसका फैसला नीतीश को लेना है।

निशांत के राज्यसभा जाने की भी चर्चा

बिहार में खाली हो रहीं राज्यसभा की 5 सीटों पर चुनाव की घोषणा हो चुकी है। इसके नामांकन की प्रक्रिया भी चल रही है। विधानसभा में संख्याबल के आधार पर 5 में से दो सीटों पर जेडीयू के सांसद बनने की पूरी संभावना है। हालांकि, अभी तक नीतीश की पार्टी ने राज्यसभा उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। इस बीच चर्चा है कि नीतीश के बेटे को राज्यसभा भेजा जा सकता है। हालांकि, पार्टी के कोई भी नेता फिलहाल इस बात से इनकार ही कर रहे हैं। किसी ने पुष्टि नहीं की है।

बिहार चुनाव के बाद से एक्टिव हैं निशांत

नीतीश कुमार के बेटे निशांत अभी तक सक्रिय राजनीति से दूर ही रहते आए हैं। हालांकि, पिछले साल हुए बिहार विधानसभा चुनाव के बाद से वे सार्वजनिक कार्यक्रमों में सक्रिय होते दिख रहे हैं। इससे उनके पॉलिटिकल डेब्यू की संभावनाओं को बल मिलता रहा है। पटना में जेडीयू नेताओं द्वारा पार्टी की कमान निशांत को सौंपे जाने की मांग वाले पोस्टर भी समय-समय पर लगते रहे हैं।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।

और पढ़ें