नीतीश कुमार को भी घर खाली करना चाहिए, उनको भी नोटिस दें; राबड़ी के बंगले पर बवाल के बीच बोले तेज प्रताप यादव
तेज प्रताप यादव ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भी आवास खाली होना चाहिए। वो भी पूर्व मुख्यमंत्री हैं। तेज प्रताप यादव ने कहा कि सबसे पहले नीतीश कुमार को अपना आवास खाली कर देना चाहिए। वो जब खाली कर देंगे तो राबड़ी देवी भी खाली कर देंगी।

बिहार में इन दिनों पूर्व मुख्यमंत्री और बिहार विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के बंगले पर सियासी बवाल मचा हुआ है। सम्राट चौधरी सरकार ने राबड़ी देवी को 15 दिनों की मोहलत दी है और स्पष्ट कहा है कि वो 10 सर्कुलर रोड स्थित अपने बंगले को खाली कर दें। हालांकि, पूर्व सीएम ने अपने आवास को खाली करने से साफ-साफ इनकार कर दिया है। इसके बाद से इस मुद्दे पर कई प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अब राबड़ी देवी के बड़े बेटे और जेजेपी सुप्रीमो तेज प्रताप यादव ने भी अपनी बात रखी है।
तेज प्रताप यादव ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भी आवास खाली होना चाहिए। वो भी पूर्व मुख्यमंत्री हैं। तेज प्रताप यादव ने कहा कि सबसे पहले नीतीश कुमार को अपना आवास खाली कर देना चाहिए। वो जब खाली कर देंगे तो राबड़ी देवी भी खाली कर देंगी। जब तेज प्रताप यादव से पूछा गया कि सरकार ने राबड़ी देवी को आवास खाली करने के लिए 15 दिनों का नोटिस दिया है? तब इसपर पूर्व विधायक ने कहा कि हां, तो सरकार 15 दिनों का नोटिस नीतीश कुमार को भी दे।
रोहिणी ने दी थी कड़ी प्रतिक्रिया
आपको बता दें कि इससे पहले इस मुद्दे पर राबड़ी देवी की बेटी रोहिणी आचार्या की भी प्रतिक्रिया सामने आई थी। रोहिणी आचार्य ने रविवार को बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर "प्रतिशोध की राजनीति" करने का आरोप लगाया था। सिंगापुर में अपने पति के साथ रह रहीं रोहिणी ने 'एक्स' पर लिखा, 'अगर हिम्मत है तो सरकार जबरन बंगला खाली करवाए...पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी जी को आवास से बेदखल करने का तुगलकी फरमान और आवास पर पुलिस भेजना लोकतंत्र नहीं, सत्ता के अहंकार एवं बेजा दबंगई की निशानी है। अफसोसजनक है कि बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध के मोर्चे पर पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही सम्राट चौधरी सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। यह शासन का कौन सा मॉडल है? बेशक शासन का 'प्रतिशोध मॉडल' है।'
मैं बंगला खाली नहीं करूंगी- राबड़ी देवी
राजग सरकार ने रोहिणी की मां और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10, सर्कुलर रोड स्थित वह सरकारी बंगला खाली करने को कहा है, जिसमें वह 2006 से रह रही हैं। भवन निर्माण विभाग ने 27 मई के एक आदेश के माध्यम से लोक भवन और मुख्यमंत्री आवास के पास स्थित यह बंगला डेरी एवं मत्स्य पालन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया है।
यह आदेश जारी किये जाने के समय राबड़ी देवी पटना में नहीं थीं। बीते शनिवार को जब संवाददाताओं ने उनसे इस बारे में पूछा था तो उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, ‘मैं देख रही हूं कि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनने के बाद काफी उत्साहित हैं। उनकी सरकार मुझे जबरन निकाल कर दिखाए। मैं बंगला खाली नहीं करूंगी।’
कृपया अपने अनुभव को रेट करें


