आज नीतीश कुमार की विदाई, नए मुख्यमंत्री का भी चयन; कल पटना में शपथ

Apr 14, 2026 07:44 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share

नीतीश कुमार मंगलवार की सुबह सबसे पहले संविधान निर्माता डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। हाईकोर्ट स्थित उनकी प्रतिमास्थल पर राजकीय समारोह में शिरकत करने के बाद राज्य मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। कैबिनेट उनके योगदानों के लिए उनके प्रति आभार प्रकट करेगा।

आज नीतीश कुमार की विदाई, नए मुख्यमंत्री का भी चयन; कल पटना में शपथ

आज (मंगलवार) बिहार के लिए अहम दिन है। दो दशक से बिहार की कमान संभाल रहे नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। आज ही एनडीए विधायक बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगायेंगे। शाम तक नाम सार्वजनिक हो जाएगा और बुधवार को बिहार में नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा। मंगलवार का दिन बिहार की सियासत में दो हिस्सों में बंटा होगा। पहला सत्र नीतीश कुमार की विदाई जबकि दूसरे सत्र में नये मुख्यमंत्री तथा उप मुख्यमंत्री के चयन को लेकर गहमागहमी रहेगी।

भाजपा ने केन्द्रीय कृषि तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को विधानमंडल दल का नेता चुनने के लिए पर्यवेक्षक बनाया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा केंद्रीय मंत्री चौहान की मौजूदगी में पार्टी अपने नेता का चयन करेगी। चयनित नाम पर एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में फैसला होगा और अगले 29-30 घंटे में बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा।

बुधवार को सुबह 11 बजे नई सरकार का लोकभवन में शपथ ग्रहण होगा। मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री समेत और कितने मंत्री शपथ लेंगे, यह तस्वीर मंगलवार को ही साफ होगी। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर सोमवार को लोकभवन सचिवालय और पटना जिला प्रशासन में तैयारियां तेज दिखीं। सुबह पटना के डीएम और एसएसपी लोकभवन गए।

उन्होंने राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा से मुलाकात की। लोकभवन के पिछले हिस्से में बने हॉल (जर्मन हैंगर) का जायजा लिया। यहां अधिकतम एक हजार लोगों के बैठने की जगह है। शाम में फिर लोकभवन में राज्यपाल के सचिव ने पटना के प्रमंडलीय आयुक्त, डीएम-एसएसपी सहित वरीय अफसरों के साथ सुरक्षा तथा अन्य प्रोटोकॉल को लेकर बैठक की। लोकभवन के अंदर तथा बाहर की सुरक्षा सख्त करने को लेकर रणनीति भी तैयार हुई।

ताजपोशी की तैयारी

नीतीश कुमार मंगलवार की सुबह सबसे पहले संविधान निर्माता डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। हाईकोर्ट स्थित उनकी प्रतिमास्थल पर राजकीय समारोह में शिरकत करने के बाद राज्य मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। कैबिनेट उनके योगदानों के लिए उनके प्रति आभार प्रकट करेगा। बैठक खत्म होने के बाद लोकभवन जाकर नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। उधर, एनडीए ने विधायकों को 14 तथा 15 अप्रैल को पटना में रहने का निर्देश जारी किया है। पश्चिम बंगाल चुनाव में प्रचार कर रहे 50 विधायकों को भी भाजपा ने सुबह तक पटना आने को कहा है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।