नीतीश कुमार के शपथ समारोह में कैसे पहुंचे, गांधी मैदान में आम लोगों के लिए किस गेट से एंट्री
Nitish Kumar Oath Ceremony: नीतीश कुमार के शपथ समारोह में शामिल होने के लिए अगर गांधी मैदान पहुंच रहे हैं तो सबसे पहले ये जान लें कि आम लोगों के लिए प्रवेश कौन से गेट से होगा। इसके अलावा पार्किंग और बंद रास्तों का भी खास ख्याल रखना जरूरी है।
Nitish Kumar Oath Ceremony: पटना में गुरुवार को होने वाले नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर शहर की यातायात व्यवस्था सुबह छह बजे से दोपहर तीन बजे तक पूरी तरह बदल दी जाएगी। गांधी मैदान की ओर जाने वाली कई सड़कों पर पूरी तरह रोक रहेगी, जबकि कुछ रूटों को केवल आपातकालीन वाहनों के लिए खुला रखा गया है। समारोह में भाग लेने वाले आम लोगों, वीआईपी मेहमानों और यात्रियों के लिए विशेष एंट्री गेट और वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं ताकि भीड़ और ट्रैफिक को नियंत्रित रखा जा सके। यदि आप भी नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए गांधी मैदान जाना चाहते हैं तो इन बातों का ख्याल रखना होगा।

गांधी मैदान में आम लोगों की किधर से एंट्री
गांधी मैदान में आम लोगों का प्रवेश गेट संख्या 7, 8, 9 और 10 से होगा, जबकि पासधारी वीआईपी बुद्धमार्ग की ओर से आयुक्त कार्यालय के सामने होकर गेट संख्या 4 से अंदर जाएंगे। वहीं, जेपी सेतु से पहुंचने वाली बसों को जेपी गंगा पथ पर आयुक्त कार्यालय गोलंबर से कंगन घाट की ओर एक फ्लैंक में पार्क किया जाएगा। इस दौरान डाकबंगला चौराहा से न्यू डाकबंगला, भट्टाचार्या मोड़ के रास्ते राजेंद्र पथ जाने की अनुमति रहेगी, जबकि नेहरू पथ से गांधी मैदान की तरफ आने वालों को आयकर गोलंबर से दाहिने मोड़कर वीरचंद पटेल पथ की ओर भेजा जाएगा।
वैकल्पिक रूट का भी रखें ध्यान
एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए राजाबाजार, डुमरा चौकी, टमटम पड़ाव, आमुकोड़ा मोड़, फुलवारी-खगौल रोड और अनीसाबाद मार्ग को बतौर वैकल्पिक रूट इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। बारीपथ और नेहरू पथ पर निजी वाहनों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा, जबकि एयरपोर्ट जाने वालों के लिए जगदेव पथ सबसे सुविधाजनक रास्ता रहेगा।
इन मार्गों को पूरी तरह रखा जाएगा बंद
कई महत्वपूर्ण मार्गों को शपथ ग्रहण के मद्देनजर पूरी तरह बंद रखा जाएगा। भट्टाचार्या रोड चौराहा से उत्तर गांधी मैदान की ओर वाहनों का आना जाना नहीं होगा और न्यू डाकबंगला से एसपी वर्मा रोड में प्रवेश पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसी तरह पुलिस लाइन तिराहा से गांधी मैदान, रामगुलाम चौक से जेपी गोलंबर, बुद्धमार्ग से छज्जूबाग टीएन बनर्जी पथ और बैंक रोड की ओर जाने वाले सभी रास्ते बंद रहेंगे। ठाकुरवाड़ी मोड़, बाकरगंज मोड़, IMA हॉल, होटल पनास, ट्विन टॉवर और मौर्या होटल के पास से गांधी मैदान की ओर जाने वाले सभी कट बंद रहेंगे। अशोक राजपथ पर जामुन गली से कारगिल चौक की ओर भी वाहनों का परिचालन रोक दिया गया है। हालांकि, जेपी गोलंबर और चिल्ड्रेन पार्क के बीच का रास्ता केवल आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस आदि के लिए खुला रहेगा।
आपातकालीन व्यवस्थाएं मजबूत
आपातकालीन व्यवस्थाओं को भी मजबूत किया गया है। गांधी मैदान के सभी प्रमुख गेटों पर चिकित्सकों की टीम, जीवनरक्षक दवाओं और एम्बुलेंस की तैनाती की गई है ताकि किसी भी स्थिति में मरीजों को PMCH, NMCH या IGIMS तक तुरंत पहुंचाया जा सके। पास के निजी अस्पताल जैसे कि तारा हॉस्पिटल और रूबन हॉस्पिटल को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सके।
पार्किंग की व्यवस्था भी दुरुस्त
वाहनों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए पार्किंग व्यवस्था भी अलग अलग स्थानों पर की गई है। कृष्णा घाट से पुराने अशोक राजपथ (डबल डेकर ब्रिज से कारगिल चौक तक) पर लगभग 400 वाहनों की पार्किंग की क्षमता रखी गई है। दीघा गोलंबर से कंगन घाट तक फैले जेपी गंगा पथ पर करीब 1000 वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था है। इसके अलावा मौर्यालोक मल्टी लेवल पार्किंग में 96 वाहन, वीरचंद पटेल पथ की सर्विस लेन पर 200 वाहन, बांस घाट रोड पर 100 वाहन और मिलर हाई स्कूल में 250 वाहनों की जगह उपलब्ध कराई गई है। पटना कॉलेज और पटना साइंस कॉलेज के परिसर में भी 200 वाहन पार्क किए जा सकते हैं।





