बिहार MLC चुनाव को लेकर हलचल तेज, नीतीश ने 8 सीटों पर जीत का दिया मंत्र; NDA नेताओं ने भी की माथापच्ची
बिहार एमएलसी चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने जदयू नेताओं से कहा कि बिहार के लोगों ने पिछले दो दशकों में बिहार को बदलते देखा है। हमलोगों का काम ही हमारी पूंजी है। लोगों के बीच पूरे विश्वास के साथ जाएं और उनके सुख-दुख के साथी बनें।
बिहार में एमएलसी चुनाव को लेकर हलचल तेज है। सभी पार्टियां इस चुनाव में जीत के लिए रणनीति बनाने में जुटी हैं। इसी क्रम में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं को जीत का मंत्र दिया है। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी नेताओं से कहा कि सभी आठ सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी घटक दल एक साथ चुनाव अभियान चलाएं। इसके पहले उन्होंने बुधवार को सर्कुलर रोड स्थित अपने आवासीय कार्यालय में पार्टी नेताओं से विधान परिषद् की आठ सीटों पर हो रहे स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव की जानकारी ली। उन्हें जरूरी निर्देश दिए।
नीतीश ने कहा कि बिहार के लोगों ने पिछले दो दशकों में बिहार को बदलते देखा है। हमलोगों का काम ही हमारी पूंजी है। लोगों के बीच पूरे विश्वास के साथ जाएं और उनके सुख-दुख के साथी बनें। इस दौरान उन्होंने एनडीए के सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं भी दीं। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार के बजट का सबसे बड़ा हिस्सा शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं के विकास और विभिन्न छात्रवृत्ति और प्रोत्साहन योजनाओं के लिए दिया जाता है। हमलोगों ने एक ओर शिक्षकों की हर जरूरतों का ध्यान रखा है तो दूसरी स्नातकों के लिए राज्य में ही कई तरह के अवसर पैदा किए हैं।
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि विधानपरिषद् की सभी आठ सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित है। इस चुनाव में सभी मतदाता बौद्धिक वर्ग से आते हैं। वे अच्छी तरह समझ सकते हैं कि शिक्षा के क्षेत्र में एनडीए सरकार ने कितने कार्य किए हैं। बैठक में ग्रामीण विकास व सूचना जनसंपर्क मंत्री एवं विधायक दल के नेता श्रवण कुमार, मंत्री अशोक चौधरी, जमां खां, श्वेता गुप्ता के अलावा प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधान परिषद् में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय गांधी, विधायक दुलाल चंद्र गोस्वामी, ललित नारायण मंडल आदि उपस्थित रहे।
एनडीए ने बनाई जीत की रणनीति
बिहार में विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के नेताओं ने भी बैठक कर रणनीति तैयार की है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में एनडीए के घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों एवं वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें विधान परिषद चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय, चुनावी रणनीति और घटक दलों के बीच बेहतर तालमेल को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, रालोमा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, हम के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. डीएन सिन्हा, सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया और जदयू विधान पार्षद संजय गांधी सहित एनडीए के प्रमुख नेता मौजूद रहे। बैठक में चुनाव को लेकर सभी घटक दलों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
नेताओं ने चुनाव में एनडीए की साझा रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने, घटक दलों के संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और कार्यकर्ताओं के स्तर तक समन्वय को मजबूत करने को लेकर चर्चा की। सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार किया गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि एनडीए पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ विधान परिषद चुनाव के मैदान में उतरने जा रहा है। सभी घटक दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। सभी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। बैठक में मौजूद एनडीए के सभी घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों एवं नेताओं ने एकजुटता का संदेश देते हुए विधान परिषद की सभी आठ सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत का दावा किया।


