नीतीश कुमार ने शाम में बुला ली जेडीयू की बड़ी बैठक, अब क्या होने वाला है?
Nitish Kumar News: राज्यसभा जा रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज शाम पटना में जेडीयू के सांसद, विधायक, विधान पार्षद और बड़े नेताओं की एक बैठक बुला ली है। नीतीश कुमार के सीएम पद छोड़ने के फैसले का उनके समर्थक अभी तक विरोध कर रहे हैं।

बिहार की राजनीति में होली के बाद नया रंग चढ़ रहा है। दो दशक से राज्य सरकार चला रहे नीतीश कुमार मुख्यमंत्री का पद छोड़कर राज्यसभा जा रहे हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की नई सरकार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का मुख्यमंत्री आ रहा है। होली के मौसम में सरप्राइज दे चुके नीतीश ने अब शुक्रवार की शाम 5 बजे सीएम आवास पर अपनी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के सांसद, विधायक, विधान पार्षद और सारे बड़े नेताओं की बैठक बुला ली है। शांतिपूर्वक सत्ता परिवर्तन और भाजपा के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अगली सरकार का रोडमैप बन चुका है, ऐसे में इस बैठक में कोई बड़ी बात या चौंकाने वाली चीज होने की संभावना नहीं है।
नीतीश के बाद पार्टी के विधायक दल का नेता कौन होगा, ये एक मसला है, जिसका फैसला नीतीश और उनकी पार्टी को आज नहीं तो कल लेना होगा। एनडीए की अगली सरकार में जेडीयू विधायक दल का नेता डिप्टी सीएम का पद संभाल सकता है। नीतीश बड़े फैसलों के पहले या बाद में जेडीयू के नेताओं के साथ इस तरह की मीटिंग करते रहे हैं। इस तरह की बैठकों में नीतीश अपने निर्णय की भूमिका और वजह पर अपनी बात रखते हैं और उस फैसले के असर को लेकर पार्टी के नेताओं की बात सुनते हैं।
जब 2014 के लोकसभा चुनाव में जेडीयू की करारी हार हुई थी, तब जीतनराम मांझी को मुख्यमंत्री बनाने से पहले भी नीतीश ने पार्टी नेताओं के साथ ऐसी ही चर्चा की थी। उस बैठक में जदयू के कुछ नेताओं ने नीतीश के पद छोड़ने और मांझी को बागडोर सौंपने का विरोध किया था तो उन्होंने सबको यह कहकर भरोसा दिया था- ‘मैं यहीं हूं।’
माना जा रहा है कि आज की बैठक में नीतीश कुमार पार्टी के नेताओं को मुख्यमंत्री का पद छोड़ने और राज्यसभा सांसद बनने के अपने फैसले की भूमिका और वजह बताएंगे और समझाएंगे कि ये निर्णय कैसे जदयू के भविष्य के लिए अच्छा है। नीतीश के बेटे निशांत कुमार की राजनीतिक पारी की 5 मार्च को शुरुआत की जो घोषणा मंत्री जमा खान ने की थी, वो नहीं हो पाई। निशांत कुमार के जेडीयू में शामिल होने का इंतजार जारी है। संभव है कि इस बैठक में नीतीश पार्टी के नेताओं को निशांत की राजनीतिक एंट्री को लेकर अपने मन में चल रही उहापोह साझा करें या अगर फैसला ले चुके हैं तो उसकी घोषणा कर दें।
क्या होगा, क्या नहीं होगा, ये नीतीश को ही पता होगा। जेडीयू की बैठक के बाद अंदर रहे नेताओं के बयान से कुछ पता चले, यही संभावना है।


