15 दिसंबर से नीतीश की बिहार यात्रा; क्या करेंगे, चीफ सेक्रेटरी ने अफसरों को बता दिया
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 15 दिसंबर से बिहार की यात्रा पर निकलेंगे। इस दौरान वे विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए इनके लाभार्थियों से संवाद करेंगे। मुख्य सचिव ने इस संबंध में आला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 15 दिसंबर से एक बार फिर बिहार यात्रा पर निकलने वाले हैं। सीएम की यह यात्रा प्रशासनिक और राजनीतिक रूप से अहम होने वाली है। सरकारी स्तर पर इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने गुरुवार को सभी विभागों के आला अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने बताया कि सीएम नीतीश की यात्रा की रूपरेखा क्या होगी।
मुख्यमंत्री की 15 दिसंबर से प्रस्तावित बिहार भ्रमण के दौरान जहां सात निश्चय एक और दो, जल जीवन हरियाली एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी लेंगे। वहीं, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करेंगे। इसके अलावा योजनाओं की जमीनी समीक्षा भी करेंगे। इसको लेकर राज्य सरकार ने अपने स्तर से तैयारी शुरू कर दी है।
सीएम नीतीश की प्रस्तावित यात्रा से जुड़े जिलों के पांच-पांच गांवों की जानकारी जुटाई जा रही है। मुख्यमंत्री की यात्रा के मद्देनजर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने गुरुवार को सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव के साथ ही प्रमंडलीय आयुक्त, क्षेत्रीय आइजी, डीआइजी के साथ ही डीएम और एसपी को आवश्यक दिशा निर्देशजारीकिएहैं।
सीएम नीतीश कुमार की यह 15वीं बिहार यात्रा होगी। इसके लिए राज्य सरकार 225 करोड़ रुपये खर्च करेगी। बजट के लिए पिछले सप्ताह आयोजित राज्य कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी गई थी। इस पहले नीतीश 14 बार राज्य के दौरे पर निकल चुके हैं। आखिरी बार उन्होंने 2023 में समाधान यात्रा की थी।