मेरे सुझाव पर मुख्यमंत्री बने नीतीश, सीएम पर हमला कर बोले प्रशांत किशोर- वो कुर्सी पर बने रहना चाहते हैं

Nishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share

  • पीके ने कहा कि नीतीश कुमार नवंबर 2014 में हमसे मिलने दिल्ली आए। उनको किसी ने कहा था कि नरेंद्र मोदी का जो अभियान चला है उसको करने वाला लड़का बिहार का है। जब नीतीश कुमार हमसे मिले तब मैंने उनसे एक तरह से सवाल किया KF जब आप बिहार के मुख्यमंत्री थे तो आपने मुख्यमंत्री पद क्यों छोड़ दिया?

मेरे सुझाव पर मुख्यमंत्री बने नीतीश, सीएम पर हमला कर बोले प्रशांत किशोर- वो कुर्सी पर बने रहना चाहते हैं

बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी तापमान बढ़ा हुआ है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर रविवार को मुजफ्फरपुर में थे। मुजफ्फरपुर में प्रशांत किशोर ने सीएम नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। प्रशांत किशोर ने उन दिनों को याद किया जब वो सीएम नीतीश कुमार के साथ थे और उन्होंने दावा किया कि उन्हीं के सुझाव पर नीतीश कुमार ने जीतन राम मांझी को सीएम पद से हटाया था और खुद सीएम बने थे।

प्रशांत किशोर ने कहा, ‘2014-15 में मैंने नीतीश कुमार की मदद की थी और उस समय उस गठबंधन में लालू प्रसाद यादव की पार्टी थी। हालांकि, तेजस्वी और तेज प्रताप तो नहीं थे लेकिन लालू यादव थे। लेकिन साल 2014-15 में जिस नीतीश कुमार की मैंने मदद की थी और साल 2024-25 के इस नीतीश कुमार में जमीन आसमान का फर्क है। नेता के तौर पर, मुख्यमंत्री के तौर पर और व्यक्ति के तौर पर जिस नीतीश कुमार की मैंने मदद की थी तो बिहार में उनकी छवि थी कि बिहार में सुशासन आया है और कम से कम सुधार होते दिख रहा है। नीतीश कुमार की छवि यह थी कि भ्रष्टाचार पर कुछ अंकुश लगा है और कुछ कार्य चल रहे हैं।’

पीके ने आगे कहा, 'हमको बिहार की राजनीति से बहुत लेना-देना नहीं था। हम लोग चाहते थे कि बिहार में तरक्की हो। नीतीश जी ने उस समय अपना पद छोड़ दिया था। नीतीश जी चुनाव नहीं हार थे। उनके दल को लोकसभा में धक्का लगा था। नीतीश की पार्टी सिर्फ 2 लोकसभा सीटें जीती थी। नीतीश कुमार ने विधानसभा से इस्तीफा देकर जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री बना दिया था।

नीतीश कुमार नवंबर 2014 में हमसे मिलने दिल्ली आए। उनको किसी ने कहा था कि नरेंद्र मोदी का जो अभियान चला है उसको करने वाला लड़का बिहार का है। जब नीतीश कुमार हमसे मिले तब मैंने उनसे आग्रह किया और एक तरह से सवाल भी किया जब आप बिहार के मुख्यमंत्री थे, जनता ने तो लोकसभा में जदयू को हराया है तो आपने मुख्यमंत्री पद क्यों छोड़ दिया? तो उनका यह जवाब था कि हमने इतना काम और लोगों ने वोट नहीं दिया तो मेरा पद पर बने रहना ठीक नहीं है।'

मेरा सुझाव था कि आप वापस मुख्यमंत्री पद ग्रहण करिए और चुनाव लड़ने की जो बात है उसमें जो मदद हम लोग कर सकते हैं वो करेंगे। मेरे सुझाव पर नीतीश जी ने अपने ही द्वारा बनाए गए मुख्यमंत्री यानी मांझी जी को हटाया भी, वापस मुख्यमंत्री भी बने। उन्होंने बिहार की जनता से माफी भी मांगी क्योंकि लोकतंत्र में आपको यह अधिकार नहीं है कि आपको जनता ने मुख्यमंत्री बनाया और आप हट कर किसी और को बना दीजिए। जब वो मुख्यमंत्री बन गए तब मैंने आकर उनकी मदद की और वो फिर जीत भी गए।

CM नीतीश पर निशाना

पीके ने यहां सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘आज जो नीतीश कुमार की सरकार है उसको लोग लालू के जंगलराज से भी खराब मान रहे हैं। लालू के समय अपराधियों का जंगलराज था और अब अधिकारियों को जंगलराज है। दूसरी बात यह है कि नेता के तौर पर जिस नीतीश कुमार ने एक रेल दुर्घटना के बाद रेल मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था आज वहीं जब कोविड में हजारों लोगों की मौत हो गई तब नीतीश कुमार घर से बाहर नहीं निकले। आज नीतीश कुमार 2020 में चुनाव हार गए। 243 विधानसभा में उनके 42 विधायक हैं तो चुनाव तो हार गए हैं लेकिन फिर भी वो कोई ना कोई गठबंधन बना कर पद पर बैठे रहे। नीतीश कुमार की राजनैतिक मोरालिटी खत्म हो गई है, जिनपर सुशासन का तमगा लगा हुआ था वो हट गया है और सिर्फ और सिर्फ उनकी प्राथमिकता आज कुर्सी पर बने रहना है।’

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।