अनंत सिंह की नहीं चली, नीरज कुमार को JDU से टिकट; अभिषेक, आनंद और घनश्याम MLC कैंडिडेट घोषित

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

बिहार विधानसभा परिषद की शिक्षक और स्नातक सीटों के चुनाव के लिए नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने चार कैंडिडेट घोषित कर दिए हैं। पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार को अनंत सिंह के विरोध के बावजूद दोबारा टिकट मिल गया है।

JDU MLC Candidate Neeraj Kumar Abhishek Jha Anand Pushkar Ghanshyam Rai
जेडीयू के एमएलसी कैंडिडेट नीरज कुमार, अभिषेक झा, आनंद पुष्कर और घनश्याम राय (घड़ी की सूई की दिशा में)

बिहार में अपने समर्थकों के बीच छोटे सरकार नाम से चर्चित मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के तमाम विरोध को दरकिनार करते हुए नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने पटना स्नातक सीट से मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार को फिर से एमएलसी चुनाव का टिकट थमा दिया है। एमएलसी चुनाव में नीरज कुमार के खिलाफ लड़ने जा रहे अनुज सिंह को अनंत सिंह खुलकर सपोर्ट कर रहे हैं। जेडीयू ने नीरज कुमार के अलावा तीन और सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिसमें अभिषेक झा, आनंद पुष्कर और घनश्याम राय शामिल हैं। विधान परिषद की चार शिक्षक और चार स्नातक कुल आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को चुनाव है।

जेडीयू ने पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक सीट से अभिषेक झा, सारण शिक्षक सीट से आनंद पुष्कर और दरभंगा शिक्षक सीट से घनश्याम राय को कैंडिडेट घोषित कर दिया है। माना जा रहा है कि बाकी चार सीटों पर एनडीए गठबंधन से भारतीय जनता पार्टी या कोई सहयोगी दल अपना-अपना कैंडिडेट देगा। दरभंगा शिक्षक सीट के लिए दिलीप चौधरी भी जेडीयू के नाम से प्रचार कर रहे थे, लेकिन उनको टिकट नहीं मिल पाया है। अभिषेक झा पहले भी चुनाव लड़कर हारे हैं। सारण सीट से जिन आनंद पुष्कर को टिकट मिला है, उस सीट से उनके पिता और सीपीआई के नेता केदारनाथ पांडेय कई बार जीते। केदारनाथ पांडेय बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के लंबे समय तक महासचिव भी रहे थे।

अनंत सिंह का खुला ऐलान, नीरज कुमार को जीतने नहीं देंगे MLC चुनाव; सुलह नहीं करवा सकी JDU

पिछली बार सारण सीट के एमएलसी चुनाव में जन सुराज पार्टी के अफाक अहमद को जीत मिली थी। अफाक ने केदारनाथ पांडेय के बेटे आनंद पुष्कर को हराया था। इस बार जन सुराज पार्टी ने सभी 8 सीटों पर कैंडिडेट उतारने का फैसला किया है। जन सुराज पार्टी ने भी अब तक पांच नाम की घोषणा कर दी है। इनमें सारण शिक्षक सीट से अफाक अहमद के अलावा दरभंगा शिक्षक सीट से सुरेश राय, पटना शिक्षक सीट से दिव्या ज्योति, दरभंगा स्नातक सीट से रवींद्र यादव और कोसी स्नातक सीट से रजनीश रंजन शामिल हैं।

किन मौजूदा विधान पार्षदों की सीट पर हो रहा है एमएलसी चुनाव?

एमएलसी चुनाव की 8 सीटों में पटना, दरभंगा, तिरहुत की शिक्षक और स्नातक कुल 6 सीटें हैं। इन 6 के अलावा 2 सीट कोसी स्नातक और सारण शिक्षक हैं। पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंशीधर ब्रजवासी, कोशी स्नातक से एनके यादव, पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक सीट से अफाक अहमद मौजूदा विधान पार्षद हैं। नीरज कुमार जेडीयू के नेता हैं, जबकि नवल किशोर यादव, एनके यादव और सर्वेश कुमार भाजपा से जुड़े हैं। मदन मोहन झा कांग्रेस, जबकि संजय कुमार सिंह सीपीआई के एमएलसी हैं। अफाक अहमद जन सुराज से जुड़े हैं, जबकि बंशीधर ब्रजवासी निर्दलीय एमएलसी हैं।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsअनंत की नहीं चली, नीरज JDU कैंडिडेट; अभिषेक, आनंद और घनश्याम को भी MLC का टिकट