निशांत बने तो अकेले, नहीं तो जेडीयू से 2 डिप्टी सीएम; नीतीश की पार्टी में उलझन?

Apr 14, 2026 03:19 pm ISTRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

Nitish JDU Dy CM: बिहार में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए की नई सरकार में जेडीयू से डिप्टी सीएम कौन बनेगा, इसको लेकर नीतीश कुमार की पार्टी में उलझन है। नेता उनके बेटे निशांत कुमार को सरकार में आने के लिए मना रहे हैं।

निशांत बने तो अकेले, नहीं तो जेडीयू से 2 डिप्टी सीएम; नीतीश की पार्टी में उलझन?

Nitish JDU Dy CM: बिहार में नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सत्ता की उलझनें तो सुलझा दी हैं, लेकिन भाजपा के सीएम के नेतृत्व में बनने जा रही एनडीए की नई सरकार में जेडीयू के डिप्टी सीएम के मसले पर उनकी पार्टी उलझन में हैं। सूत्रों का कहना है कि पार्टी के कई नेता चाहते हैं कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार डिप्टी सीएम का पद संभाल लें। लेकिन कुछ दिन पहले ही जेडीयू में शामिल हुए निशांत कुमार इसके लिए तैयार नहीं हो रहे हैं। निशांत कह रहे हैं कि वो पहले विधायक या विधान पार्षद बनकर किसी सदन में पहुंचेंगे, तब ही सरकार में शामिल होंगे। निशांत के करीबी नेता उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ये भी कहा जा रहा है कि निशांत पार्टी के बैनर तले बिहार की यात्रा करने और जनता से जुड़ने के बाद सरकार में आने के लिए कुछ समय चाहते हैं।

निशांत कुमार को मनाने का दौर चल रहा है, जिसमें पार्टी के नेताओं को अगर सफलता मिल जाती है तो भाजपा के सीएम के साथ 15 अप्रैल को जेडीयू से एक डिप्टी सीएम शपथ लेगा और वह निशांत कुमार होंगे। फिर एनडीए सरकार में डिप्टी सीएम का एक ही पद रहेगा, जैसा सुशील कुमार मोदी के समय में होता था। नीतीश सीएम और सुशील मोदी डिप्टी सीएम। उसी तरह भाजपा का सीएम। जदयू का एक उप-मुख्यमंत्री। लेकिन, निशांत अगर अंत तक अड़े रह गए तो नीतीश कुमार को इस पर अंतिम फैसला लेना होगा। जदयू के अध्यक्ष के रूप में वो कोई भी फैसला करने के लिए हमेशा ही अधिकृत हैं। सूत्रों का कहना है कि निशांत के मसले पर उलझन के कारण ही जदयू के विधायक दल की आज बैठक टाल दी गई है, क्योंकि परंपरा के तहत जदयू का नेता डिप्टी सीएम बनेगा।

Samrat Choudhary LIVE: नीतीश ने कैबिनेट भंग की, 3 बजे इस्तीफा; BJP का पहला CM चुनने पहुंचने लगे विधायक

निशांत के डिप्टी सीएम नहीं बनने की सूरत में जेडीयू में नीतीश का भरोसेमंद कोई सीनियर नेता ही फिर डिप्टी सीएम बनेगा। चर्चा है कि अगर निशांत कुमार नहीं बनते हैं तो एनडीए के मौजूदा मॉडल से जदयू का दो डिप्टी सीएम होगा। जैसे नीतीश कैबिनेट में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा दो डिप्टी सीएम हैं। जदयू के दो उप-मुख्यमंत्री के लिए नीतीश पार्टी के वरिष्ठतम मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के नाम पर ललन सिंह और संजय झा जैसे बड़े नेताओं से चर्चा करके अंतिम फैसला ले सकते हैं। महिला डिप्टी सीएम की बात उठी तो लेशी सिंह या शीला मंडल की किस्मत भी चमक सकती है। उसी तरह दलित में अशोक चौधरी या सुनील कुमार और महादलित में रत्नेश सदा भी आगे बढ़ाए जा सकते हैं।

Ritesh Verma

लेखक के बारे में

Ritesh Verma
रीतेश वर्मा पत्रकारिता में 25 साल से अलग-अलग भूमिका में अखबार, टीवी और डिजिटल में काम कर चुके हैं। दैनिक जागरण के साथ बिहार में 5 साल तक जिला स्तर की प्रशासनिक और क्राइम रिपोर्टिंग करने के बाद रीतेश ने आईआईएमसी, दिल्ली में दाखिला लेकर पत्रकारिता की पढ़ाई की। एक साल के अध्ययन ब्रेक के बाद रीतेश ने विराट वैभव से दोबारा काम शुरू किया। फिर दैनिक भास्कर में देश-विदेश का पेज देखा। आज समाज में पहले पन्ने पर काम किया। बीबीसी हिन्दी के साथ आउटसाइड कंट्रीब्यूटर के तौर पर जुड़े। अखबारों के बाद रीतेश ने स्टार न्यूज के जरिए टीवी मीडिया में कदम रखा। रीतेश ने टीवी चैनलों में रिसर्च डेस्क पर लंबे समय तक काम किया है और देश-दुनिया के विषयों पर तथ्यपरक जानकारी सहयोगियों को आगे इस्तेमाल के लिए मुहैया कराई है। सहारा समय और इंडिया न्यूज में भी रीतेश रिसर्च का काम करते रहे। इंडिया न्यूज की पारी के दौरान वो रिसर्च के साथ-साथ चैनल की वेब टीम के हेड बने और इनखबर न्यूज पोर्टल को बतौर संपादक शुरू किया। लाइव हिन्दुस्तान के साथ एडिटर- न्यू इनिशिएटिव के तौर पर पिछले 6 साल से जुड़े रीतेश फिलहाल उत्तर प्रदेश और बिहार की खबरों और दोनों राज्यों की टीम को देखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।