
नीतीश के ज्ञान और ईमान से बेहतर बना बिहार, बिजेंद्र यादव ने लालू के घोटाले की भी याद दिलाई
बिहार विधानसभा में द्वितीय अनुपूरक बजट की स्वीकृति को लेकर अपनी बात रख रहे वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के ज्ञान, विज्ञान और ईमान की बदौलत बिहार बेतहर हुआ। इस दौरान उन्होने लालू के चारा घोटाले की भी याद दिला दी।
18वीं बिहार विधानसभा के विशेष सत्र का पांचवें दिन समापन हो गया। अंतिम दिन विधानसभा में द्वितीय अनुपूरक बजट पर चर्चा हुई। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सरकार 91,717.1135 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इस अनुपूरक बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला रोजगार, पेयजल, सड़क, ऊर्जा, पेंशन, सिंचाई, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मेट्रो रेल और अन्य सामाजिक कल्याण योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। इस दौरान सदन में वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने लालू यादव पर निशाना साधा।
उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ज्ञान,विज्ञान और ईमान ने बिहार की आर्थिक स्थिति को बेहतर किया है। 2005 में 24 हजार करोड़ के बजट को तीन लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाया। एक समय था जब बिहार से झारखंड अलग हुआ तो कहा जाता था कि अब बिहार में सिर्फ आलू, लालू और बालू बच गया है। उन्होने कहा कि अगर आदमी में ज्ञान हो, चरित्र हो तो पैसे की कमी नहीं होती है। पैसे का प्रबंध किया जा सकता है। जनता पैसा लेकर जनता में ही खर्च किया जा सकता है। कोई चारा घोटाला और बालू घोटाला नहीं होता है।
वित्त मंत्री ने कहा कि देश में जीएसटी लागू है। बिहार कंज्यूमर स्टेट है। जितनी बिक्री होगी उतना सरकारी खजाना भरेगा। राज्य सरकार की सभी घोषणाएं पूरी होंगी, इसकी गारंटी है। वे शुक्रवार को विधानसभा में द्वितीय अनुपूरक बजट की स्वीकृति को लेकर अपनी बात रख रहे थे। आपको बता दें द्वितीय अनुपूरक बजट में सरकार ने सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत संरचना, युवाओं को शिक्षा व रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है।
अनुपूरक बजट में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के लिए सर्वाधिक 1,885 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, ताकि राज्य के वरिष्ठ नागरिकों को समय पर पेंशन उपलब्ध कराई जा सके। वहीं, ग्रामीण व शहरी संपर्कता को मजबूत करने के लिए 861 करोड़ रुपये पथ निर्माण विभाग को दिए गए हैं। राशि से कई प्रमुख सड़कों का निर्माण और मरम्मत कार्य गति पकड़ेंगे।





