घूसखोरों पर नीतीश सरकार का खास प्लान; इन जिलों में खुलेंगे निगरानी थाना, स्पीडी ट्रायल पर जोर
अररिया, पूर्णिया और कटिहार जिला में निगरानी थाना खोलने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। केस की संख्या को देखते हुए राज्य में कोर्ट की संख्या बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

निगरानी विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। इसी के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम बेहतर कार्य कर रही है। राज्य में जल्द तीन नए निगरानी थाने खुलेंगे। चालू मामलों में स्पीडी ट्रायल पर जोर दिया जाएगा। भ्रष्टाचार पर नीतीश सरकार की जीरो टॉलेरेंस नीति के तहत यह निर्णय लिया गया है।
जानकारी के मुताबिकअररिया, पूर्णिया और कटिहार जिला में निगरानी थाना खोलने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। केस की संख्या को देखते हुए राज्य में कोर्ट की संख्या बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। श्री चौधरी शुक्रवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के सभागार में आयोजित तृतीय सर्तकता सम्मान समारोह सह कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
समारोह का उद्घाटन अपर मुख्य सचिव श्री चौधरी, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के महानिदेशक जितेंद्र सिंह गंगवार और पुलिस महानिरीक्षक गरिमा मल्लिक ने संयुक्त रूप से किया। इस समारोह में भ्रष्टाचार उन्मूलन में सहयोग करने वाले लोक अभियोजक, धावादल प्रभारी, परिवादी, अनुसंधानकर्ता और सत्यापनकर्ता को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री चौधरी ने कहा कि नए आपराधिक कानून लागू हुए हैं, जिसमें अपेक्षा है कि तीन साल के अंदर कानूनी प्रक्रिया पूरी हो जाए। विभाग की अच्छी उपलब्धि रही है। पुराने मामलों में भी तेजी आई है। लोगों के अंदर भरोसा कायम करना एक बड़ी बात है। इसमें निगरानी अन्वेषण ब्यूरो सफल रहा है। वहीं, निगरानी के महानिदेशक गंगवार ने कहा कि यह विभाग लगातार अपनी ही रिकार्डों को तोड़ रहा है।
एसीएस ने कहा कि लोगों की जागरूकता के वजह से लगातार केसों की संख्या बढ़ती जा रही है। शिकायत मिलने पर विभाग तीव्र गति से भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध कार्रवाई कर रहा है। हम किसी को छोड़ते नहीं है। सभी सरकारी विभागों में भी कार्रवाई की जाती है। निगरानी थानों में जो केस दर्ज किए जा रहे हैं उसका भी स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा। जिन लोगों ने ट्रैप कराने में रुपये दिए थे, वह राशि उनके खातों में भेज दी गई है। धन्यवाद ज्ञापन पुलिस महानिरीक्षक ने किया। इस मौके पर डीआईजी निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के सभी अधिकारी मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

