नीतीश सरकार NEET छात्रा की मौत की उच्चस्तरीय जांच कराएगी, पटना IG डेली अपडेट लेंगे
पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित गर्ल्स हॉस्टल में नीट छात्रा की मौत मामले में नीतीश सरकार ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। पटना आईजी रोजाना समीक्षा करेंगे और एसआईटी गठित की गई है। गृह मंत्री ने आदेश जारी किया। परिजनों ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग की है।

पटना के चित्रगुप्त नगर के गर्ल्स हॉस्टल में नीट छात्रा की मौत मामले की नीतीश सरकार उच्चस्तरीय जांच कराएगी। जिसकी प्रतिदिन पटना आईजी जितेंद्र राणा जांच की समीक्षा करेंगे। इसके लिए विशेष जांच दल (SIT) का भी गठन किया गया है। पुलिस अधीक्षक, नगर पूर्वी की अध्यक्षता में एक-एक महिला एवं पुरुष डीएसपी, एक-एक महिला एवं पुरुष इंस्पेक्टर रहेंगे। एसआईटी में जरूरत के हिसाब से पुलिस अवर निरीक्षक, सहायक अवर निरीक्षक एवं सिपाहियों को भी शामिल करने का निर्देश दिया गया है।
इससे पहले गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने भी इस मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने डीजीपी के आदेश की प्रति अपने इंटरनेट मीडिया हैंडल से जारी कर एसआईटी गठित होने की जानकारी दी है। वहीं छात्रा के परिजनों ने सीबीआई जांच की मांग की है। परिजनों ने कहा है कि मौत से पहले छात्रा के साथ कई लोगों ने रेप किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इससे इनकार नहीं किया गया है।
वहीं पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने छात्रा के के साथ प्राथमिक तौर पर सेक्सुअल असॉल्ट से इनकार किया था। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा था। लेकिन बाद में मेडिकल रिपोर्ट से पता चला कि छात्रा के शरीर पर पर जख्म और खरोच के निशान मिले। करीब 10 स्थानों पर जख्म देखे गए। परिवार की ओर से एक निजी अस्पताल के डॉक्टर पर भी गंभीर आरोप लगाया है। जिसके बाद पटना पुलिस का नया बयान सामने आया है। जिसमें पटना एसएसपी ने कहा है कि पहले स्त्री रोग विशेषज्ञ से जो जानकारी मिली थी उसी के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। पुलिस इसे ही सत्य मान रही है। आगे की छानबीन पोर्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जा रही है।
वहीं राजद के नेताओं ने शुक्रवार को दिवंगत छात्रा के पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। बयान जारी कर कहा है कि पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में दरिंदों द्वारा दर्दनाक घटना को अंजाम दिया गया जिससे उनका पूरा घर - परिवार सदमे में है। सरकार से मांग किया है कि सीबीआई से इसकी जांच कराकर इसमें शामिल सभी दरिंदों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल चला कड़ी सजा दी जाए ताकि इस तरह की घटना किसी और बेटी के साथ भविष्य में नही हो।


