
नीतीश सरकार ने 1.16 करोड़ लाभुकों के खाते में भेजी पेंशन की रकम, चेक कर लें बैंक अकाउंट
नीतीश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 1 करोड़ 16 लाख 04 हजार 685 पेंशनधारियों के बैंक खाते में बढ़ी हुई राशि 1100 रूपये प्रतिमाह की दर से दिसंबर, 2025 के लिए कुल 1289 करोड़ 04 लाख 22 हजार 900 सौ रूपये जारी कर दिया।यह राशि डीबीटी के माध्यम से जारी की गई।
नीतीश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत लाभुकों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने राज्य के 1 करोड़ 16 लाख 4 हजार 685 पेंशनधारियों के बैंक खातों में बढ़ी हुई पेंशन राशि 1100 रुपये प्रतिमाह की दर से दिसंबर 2025 के लिए जारी कर दी है। इस मद में कुल 1289 करोड़ 04 लाख 22 हजार 900 रुपये की राशि सीधे लाभुकों के खातों में भेजी गई है। सोमवार को समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पूरी राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से लाभुकों के बैंक खातों में अंतरित की गई है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की बिचौलिया व्यवस्था खत्म हो सके। सरकार के इस कदम से राज्य के बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को बड़ी आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार राज्य सरकार सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के माध्यम से कुल छह सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का संचालन कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य वृद्धजन, विधवा महिलाएं और दिव्यांग व्यक्तियों को नियमित मासिक आर्थिक सहायता प्रदान कर सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है। बढ़ी हुई पेंशन राशि से लाभुकों को दैनिक जरूरतों, दवा-इलाज और जीवन यापन में सहायता मिलेगी।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सरकार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। पेंशन वितरण में तकनीकी सुधार किए गए हैं, ताकि समय पर और सही लाभुक तक राशि पहुंचे। डीबीटी प्रणाली के जरिए भुगतान होने से गड़बड़ियों की संभावना भी काफी हद तक कम हुई है। आपको बता दें जून 2025 से सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को मिलने वाली पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रति माह कर दी गई थी।





