LPG की कालाबाजारी पर नीतीश सरकार ऐक्शन में; 1 एजेंसी सील,FIR दर्ज, इस नंबर पर गैस की शिकायत करें

Mar 13, 2026 07:11 am ISTSudhir Kumar हिन्दुस्तान, पटना, मुख्य संवाददाता
share

LPG Crisis: पटना सदर की अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में फुलवारीशरीफ में सुलभ इंडेन गैस वितरक का औचक निरीक्षण किया गया। वितरक के कार्यालय को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है व फुलवारीशरीफ थाने में एफआईआर दर्ज की गयी है।

LPG Crisis: बिहार में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी पर सरकार सख्त हो गई है। इस पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार को प्रशासन की टीम ने पटना व इसके आसपास की कई एजेंसियों का निरीक्षण किया। पटना सदर की अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में फुलवारीशरीफ में सुलभ इंडेन गैस वितरक का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय संचालक कार्यालय में उपस्थित नहीं पाए गए। डीएम के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी ने वितरक के कार्यालय को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है व फुलवारीशरीफ थाने में एफआईआर दर्ज की गयी है। संचालक को कारण बताओ नोटिस (शो कॉज) जारी किया गया है।

पटना के जिलाधिकारी डा. त्यागराजन एसएम ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। इधर पटना सदर अनुमंडल के एलपीजी घरेलू गैस उपभोक्ता द्वारा दी गई सूचना के आधार पर गैस एजेंसी के डिलिवरी बॉय मुकेश के खिलाफ पाटलिपुत्र थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दीघा के रहने वाले उपभोक्ता ने शिकायत की थी कि उन्होंने एजेंसी मेसर्स उत्सव गैस सेवा, इन्द्रपुरी के यहां गैस सिलेंडर आपूर्ति के लिए बुकिंग किया, लेकिन सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की गई, जबकि इस संबंध में यह मैसेज दिया गया कि सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया है।

हेल्पलाइन नंबर जारी

डीएम के निर्देश पर प्रखंड स्तर पर एलपीजी घरेलू गैस सिलेंडर से संबंधित शिकायतों के निवारण और सिलेंडर की जमाखोरी की रोकथाम के लिए 28 धावा दलों का गठन किया गया है। घरेलू गैस सिलेंडरों से संबंधित शिकायत उपभोक्ता दूरभाष संख्या 0612-2219810 पर सूचना, शिकायत या जानकारी सुबह नौ बजे से शाम 06.00 बजे तक दे सकते हैं।

दानापुर में छापेमारी में 132 सिलेंडर जब्त

अनुमंडल प्रशासन ने शाहपुर में दो स्थानों पर छापेमारी कर कॉमर्शियल व घरेलू भरा और खाली 132 सिलिंडर जब्त किया है। दोनों दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। एडीएसओ के साथ छह सदस्यीय टीम ने गुरुवार की देर रात शाहपुर में दो स्थानों पर छापेमारी की।

सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारियों के अवकाश रद्द

डीएम के निर्देश पर पटना जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों व सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारियों का अवकाश प्रशासनिक दृष्टिकोण से अगले आदेश तक रद्द कर दिया गया है। इधर, मसौढ़ी में रसोई गैस की किल्लत से उपभोक्ता परेशान हैं। उपभोक्ताओं ने अनुमंडल प्रशासन और जिला प्रशासन से पहल कर गैस सिलेंडर आपूर्ति व्यवस्था सामान्य करने की गुहार लगाई है।

गैस एजेंसियों के पास मजिस्ट्रेट की तैनाती

गैस डीलर के यहां फोर्स और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। एलपीजी गैस एजेंसी क्षेत्रों को विभिन्न सेक्टर, जोनल एवं सुपर जोनल में विभाजित कर दंडाधिकारियों को तैनात किया गया है। डीएम ने कहा कि डिस्ट्रिब्यूटर्स एवं गैस कंपनियों के पास पर्याप्त एलपीजी उपलब्ध हैं।

बाढ़ में चार सिलेंडर जब्त : बाढ़

एसडीएम गरिमा लोहिया के निर्देश पर आपूर्ति विभाग ने पांच होटलों में छापेमारी की। इस दौरान अवैध तरीके से इस्तेमाल हो रहे चार घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किया गया। चर्च मोड के पास फूडीज कैफे में एक और डी. घनश्याम फूड में तीन एलपीजी सिलेंडर बरामद किया गया है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।