
गन्ना किसानों को नीतीश सरकार की सौगात, 15 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ा मूल्य; जानें नए दाम
नीतीश सरकार ने मौजूदा पेराई सत्र में गन्ना के मूल्य में 15 से 20 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है। इससे बिहार के गन्ना किसानों को बड़ी राहत मिली है।
बिहार के गन्ना किसानों को नीतीश सरकार ने बड़ी सौगात दी है। नए साल में गन्ना के मूल्य में बढ़ोतरी कर दी गई है। बिहार सरकार ने पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ना की नई दर निर्धारित की है। इसमें 15 से 20 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। इसका फायदा गन्ना किसानों को मिलेगा। बताया जा रहा है कि पटना में सचिवालय की गन्ना उद्योग विभाग की राज्य के चीनी मिल मालिकों के साथ गुरुवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया।
नई दरों के मुताबिक उत्तम प्रजाति का गन्ना अब 380 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। वहीं, सामान्य प्रजाति के गन्ना का मूल्य 360 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। अगर निम्न प्रजाति का गन्ना है, तो उसकी कीमत 330 रुपये प्रति क्विंटल होगी। सरकार ने सभी किस्म के गन्ना का मूल्य बढ़ाया है।
गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने बताया कि बढ़े मूल्य के अतिरिक्त पिछले साल की तरह ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान सभी श्रेणी के गन्ना पर घोषित 10 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त भुगतान करने की योजना बदस्तूर जारी रहेगी। इस तरह से गन्ना मूल्य में हुई वृद्धि के बाद गन्ना किसानों को उत्तम प्रभेद के लिए 390 रुपये, सामान्य प्रभेद के लिए 370 रुपये और निम्न प्रभेद के लिए 340 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान होगा।

बिहार में गन्ना का सबसे ज्यादा उत्पादन पश्चिम चंपारण जिले में होता है। इसके अलावा, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, पटना और भागलपुर जैसे जिलों में भी किसान गन्ना उत्पादन करते हैं।
यूपी में 400 रुपये है भाव
हालांकि, पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के मुकाबले बिहार में गन्ना के दाम अब भी कम हैं। यूपी सरकार ने पिछले साल अक्टूबर में गन्ना का मूल्य तय किया था। इसके अनुसार, उन्नत किस्म का गन्ना 400 रुपये और साधारण किस्म का गन्ना 390 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)





