नीतीश ने श्रवण कुमार को बनाया जदयू विधायक दल का नेता, 31 साल से लगातार नालंदा के विधायक

Apr 21, 2026 03:49 pm ISTJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने श्रवण कुमार को बिहार में पार्टी के विधायक दल का नेता बनाया है। श्रवण नालंदा से लगातार 31 साल से विधायक हैं। वह नीतीश के करीबी नेताओं में से एक हैं और बिहार सरकार में मंत्री भी रहे हैं।

नीतीश ने श्रवण कुमार को बनाया जदयू विधायक दल का नेता, 31 साल से लगातार नालंदा के विधायक

बिहार विधानसभा में जनता दल यूनाइटेड का नए नेता के नाम का ऐलान हो गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने श्रवण कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुना है। वह नीतीश के गृह जिले नालंदा से आते हैं। नालंदा विधानसभा सीट से वह बीते 31 साल से लगातार विधायक हैं। उनकी गिनती नीतीश के सबसे विश्वसनीय नेताओं में होती है। दो दिन पहले ही सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई एनडीए सरकार ने उनकी सुरक्षा बढ़ाई थी।

सोमवार को पटना में जदयू विधायक दल की बैठक आयोजित की गई थी। उसमें विधायक दल का नेता चुनने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को अधिकृत किया गया था। अब एक दिन बाद ही नीतीश ने श्रवण कुमार के नाम पर मुहर लगा दी।

सूत्रों के अनुसार बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार में जेडीयू से डिप्टी सीएम बनने की रेस में श्रवण कुमार का भी नाम चल रहा था। मगर पार्टी के अंदर दूसरी कतार के नेताओं की राजनीति में उनका नाम कट गया।

श्रवण कुमार को ही क्यों बने जदयू विधायक दल का नेता

नई सरकार में जेडीयू से विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव को डिप्टी सीएम बनाया गया। चर्चा है कि जातीय समीकरण सेट करने और पार्टी के अंदर संतुलन बनाए रखने के लिए पार्टी ने श्रवण कुमार को विधायक दल का नेता बनाया है।

श्रवण कुमार कुर्मी जाति से आते हैं। नीतीश कुमार भी इसी जाति से हैं और कुर्मी-कुशवाहा (लव-कुश समीकरण) पर आधारित राजनीति करते आए हैं। नीतीश ने मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद जदयू से एक भूमिहार और एक यादव को डिप्टी सीएम बनाया। वहीं, लव-कुश समीकरण साधने के लिए कुर्मी जाति से आने वाले श्रवण कुमार को जदयू विधायक दल का नेता बनाया है।

कौन हैं श्रवण कुमार?

श्रवण कुमार नालंदा जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने इंटर तक की पढ़ाई की है। जेपी आंदोलन से वे राजनीति में आए थे। शुरुआत से उनके नीतीश कुमार से घनिष्ठ संबंध रहे। शुरुआत में वह जनता दल से जुड़े। फिर नीतीश और जॉर्ज फर्नांडीस ने लालू यादव से अलग होकर समता पार्टी की नींव रखी, तब श्रवण कुमार भी उनके साथ रहे। 1995 में उन्होंने पहली बार नालंदा सीट से समता पार्टी के टिकट पर विधानसभा का चुनाव जीता। इसके बाद इस सीट पर उन्हें कोई हरा नहीं पाया। वह लगातार 9 बार (7 बार जेडीयू) नालंदा से चुनाव जीत चुके हैं।

2025 के विधानसभा चुनाव में श्रवण कुमार ने नालंदा सीट पर कांग्रेस के कौशलेंद्र कमार को 33 हजार वोटों के अंतर से हराया था। बिहार विधानसभा में वह जदयू के मुख्य सचेतक रहे। फिर नीतीश कुमार के कार्यकाल में ग्रामीण विकास, परिवहन, सामाजिक कल्याण जैसे अहम विभागों के मंत्री रहे।

आगामी कैबिनेट विस्तार में श्रवण कुमार के सम्राट सरकार में मंत्री बनने की भी चर्चा है। नीतीश के बेटे निशांत कुमार को राजनीति में लाने में इनकी अहम भूमिका रही। हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने श्रवण कुमार की सुरक्षा बढ़ाई थी। श्रवण को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा एस्कॉर्ट व्यवस्था के साथ दी गई है।

बता दें कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और राज्यसभा जाने के बाद राज्य में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई सरकार का गठन हुआ है। इसके बाद ही जदयू विधायक दल के नए नेता के चयन की प्रक्रिया शुरू हुई थी।

(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।