निशांत जेडीयू में आएंगे, बिहार में यात्रा निकालेंगे; नीतीश की बैठक में हो गया फैसला

Jayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने का औपचारिक ऐलान हो गया है। 7 या 8 मार्च को वे जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता लेंगे। जेडीयू जॉइन करने के बाद वे बिहार में यात्रा भी निकालेंगे। 

निशांत जेडीयू में आएंगे, बिहार में यात्रा निकालेंगे; नीतीश की बैठक में हो गया फैसला

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत के सक्रिय राजनीति में कदम रखने की घोषणा हो गई है। निशांत कुमार शनिवार 7 मार्च या रविवार 8 मार्च को जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता लेंगे। इसके बाद वे बिहार यात्रा पर निकलेंगे। पटना के एक अणे मार्ग स्थित सीएम आवास पर नीतीश की मौजूदगी में हुई जेडीयू विधान मंडल दल की बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया।

नीतीश के राज्यसभा जाने के ऐलान के बाद शुक्रवार शाम को यह बैठक बुलाई गई। इसमें पार्टी के सभी विधायक, एमएलसी, सांसद, मंत्री और वरीय नेता मौजूद रहे। करीब एक घंटे तक चली इस बैठक से निकलने के बाद जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि बैठक में सभी ने नीतीश कुमार के फैसले पर अपनी सहमति जताई।

उन्होंने कहा कि जेडीयू विधान मंडल दल की बैठक में नीतीश के बेटे निशांत कुमार को राजनीति में लाने की मांग विधायकों की ओर से की गई। इसके बाद जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि निशांत कल यानी शनिवार को पार्टी की सदस्यता लेंगे। इस पर सभी विधायकों एवं सांसदों ने अपनी सहमति जताई।

नीतीश के राज्यसभा जाने पर भावुक हुए विधायक और मंत्री

इस बैठक में जेडीयू के अधिकतर विधायक एवं मंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर भावुक हो गए। सभी ने एक सुर में कहा कि सीएम ने जो फैसला लिया है उससे पूरी आवाम दुखी है। हालांकि, सभी ने यह भी स्पष्ट किया कि वे नीतीश के इस फैसले के साथ खड़े हैं।

नीतीश ने दिया भरोसा

बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि वह चिंता न करें। वह दिल्ली में रहकर भी बिहार से जुडे़ रहेंगे और हर कदम पर उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं को कभी उनकी कमी नहीं खलेगी।

राज्यसभा जा रहे नीतीश, बिहार को मिलेगा नया सीएम

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार की राजनीति छोड़ केंद्र में जाने का फैसला लिया है। इसी क्रम में उन्होंने गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन किया। नीतीश के राज्यसभा सांसद बनने के बाद बिहार में नए सिरे से सरकार का गठन होगा और राज्य को नया मुख्यमंत्री मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने बैठक से पहले मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह नीतीश ही तय करेंगे। उनकी इच्छा के बिना बिहार में कोई फैसला नहीं होगा। चर्चा है कि अगला सीएम भारतीय जनता पार्टी का बनेगा।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।