जरूरत है तो रेफर करें, नहीं तो जिला अस्पताल में इलाज करें; निशांत ने पॉलिसी पर दी सफाई

लाइव हिन्दुस्तान, पटना/हाजीपुर
Follow us on Google News
share

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने रेफरल पॉलिसी पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत है तो मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर करें, नहीं तो जिला अस्पताल में ही उनका इलाज किया जाए।

nishant kumar hajipur hospital inspection
हाजीपुर सदर अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने राज्य सरकार की रेफरल पॉलिसी पर सफाई दी है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि अगर रेफरल नीति का मतलब मरीजों को रेफर करने से रोकना नहीं, बल्कि अनावश्यक रेफरल रोकना है। निशांत ने स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ने पर मरीज को समय पर रेफर करना भी जरूरी है। अगर विशेषज्ञ या बेहतर इलाज की जरूरत हो तो मरीजों को मेडिकल कॉलेज में रेफर किया जाए, अगर नहीं हो तो उनका जिला अस्पताल में ही इलाज सुनिश्चित किया जाए।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने गुरुवार को हाजीपुर सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को रेफर करने से जुड़े सभी रिकॉर्ड चेक किए। नई रेफरल नीति पर उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि अगर कार्रवाई होगी, तो उन्हें रिकॉर्ड दिखाना पड़ेगा। इसलिए मरीजों को रेफर करने से संबंधित सभी बातें रिकॉर्ड में दर्ज करें।

रेफरल के रिकॉर्ड में मिली खामियां

निशांत कुमार ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि उन्होंने एक दिन पहले हाजीपुर सदर अस्पताल का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने सभी रिकॉर्ड चेक किए। उन्हें कुछ केस में रेफरल की वजहें और रिकॉर्ड में कमियां मिलीं।

डॉक्टरों को निशांत की सख्त हिदायत

इसके बाद उन्होंने सिविल सर्जन समेत अस्पताल के डॉक्टरों को सख्त हिदायत दी कि अगर किसी मरीज को रेफर किया जा रहा है, तो उसका कारण रिकॉर्ड में स्पष्ट होना चाहिए। ताकि अगर बाद में कोई कार्रवाई या पूछताछ हो, तो संबंधित रिकॉर्ड में पूरी जानकारी मिल सके।

निशांत ने कहा- नई नीति का मतलब सिर्फ रेफरल रोकना नहीं

स्वास्थ्य मंत्री ने नई रेफरल नीति पर स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य रेफरल को रोकना नहीं, बल्कि अनावश्यक रेफरल को रोकना है। अगर किसी मरीज का इलाज जिला अस्पताल में ही संभव है, तो उसे बिना जरूरत के मेडिकल कॉलेज में रेफर नहीं करना चाहिए। इससे मरीज और उसके परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्वास्थ्य मंत्री बोले- मरीजों को रेफर करना भी जरूरी

निशांत ने आगे कहा कि अगर किसी मरीज को विशेषज्ञ या बेहतर उपचार की जरूरत है, तो उसे समय पर रेफर करना भी उतना ही जरूरी है। इसलिए सभी डॉक्टर इसका विशेष ध्यान रखें।

स्वास्थ्य मंत्री की डॉक्टरों से अपील

उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की है कि वह रेफरल पॉलिसी को सरकारी निर्देश के तौर पर नहीं, बल्कि मरीजों के बेहतर इलाज और सुविधा के लिए बनाई गई व्यवस्था के रूप में समझें।

इमरजेंसी में सफाई नहीं होने से भड़के स्वास्थ्य मंत्री

हाजीपुर सदर अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान निशांत कुमार ने सभी जगहों का बारीकी से जायजा लिया। इमरजेंसी में साफ-सफाई में कमी देख वह भड़क गए और इसमें सुधार लाने का निर्देश दिया। वहीं, दवा काउंटर पर मेडिसिन की सूची में कमी पाए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की।

अस्पतालों की चेकिंग करते रहेंगे निशांत

स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी सरकारी अस्पताल रेफरल पॉलिसी को गंभीरता से लागू करें। इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी। निशांत ने कहा कि अस्पतालों का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsजरूरत है तो रेफर करें, नहीं तो जिला अस्पताल में इलाज करें; निशांत ने दी सफाई