मंत्री बनने के 53 दिन बाद सरकारी आवास में पहुंचे निशांत कुमार, सम्राट चौधरी के बगल में बंगला

लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार सोमवार को पटना के 5 देशरत्न मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास में शिफ्ट हो गए हैं। गृह प्रवेश में उनके पिता नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। निशांत का बंगला मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास के ठीक बगल में है। 

Nishant Kumar Bihar

निशांत कुमार बिहार के स्वास्थ्य मंत्री बनने के 53 दिन बाद सोमवार को अपने सरकारी आवास में रहने के लिए पहुंचे। गृह प्रवेश के दौरान निशांत के पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री सह जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। निशांत पटना के 5 देशरत्न मार्ग स्थित बंगले में शिफ्ट हुए हैं। यह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 1 अणे मार्ग वाले आवास के ठीक बगल में है। डिप्टी सीएम रहते सम्राट, 5 देशरत्न बंगले में ही रहते थे।

निशांत कुमार ने कहा कि गृह प्रवेश से पहले सरकारी आवास में पूजा और सत्यनारायण कथा का आयोजन किया गया। इस दौरान उनके पिता नीतीश और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि वह अपने पिता के साथ हमेशा से रहते आए हैं और आगे भी उनके बंगले और अपने सरकारी आवास के बीच आते-जाते रहेंगे।

बता दें कि राज्यसभा सांसद बनने के बाद अप्रैल महीने में नीतीश ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्हें 7 सर्कुलर रोड पर नया बंगला आवंटित किया गया। फिलहाल नीतीश उसी आवास में रह रहे हैं।

मंत्री बनने के 53 दिन बाद सरकारी आवास में पहुंचे निशांत

नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद उनके बेटे निशांत कुमार ने राजनीति में कदम रखा। सम्राट चौधरी के नेतृत्व में गठित नई एनडीए सरकार में उन्हें स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया। निशांत ने 7 मई को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली थी और उसी दिन पदभार भी ग्रहण कर लिया था। इसी बीच उन्हें 5 देशरत्न मार्ग वाला बंगला भवन निर्माण विभाग ने आवंटित किया। हालांकि, शुरुआत में सीएम सम्राट चौधरी उसमें रह रहे थे।

जब सम्राट 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में पूरी तरह शिफ्ट हो गए, तो निशांत सही मुहूर्त देखकर अपने नए आवास में रहने चले आए हैं। निशांत, मंत्री बनने के 53 दिन बाद सरकारी आवास में शिफ्ट हुए हैं। मंत्री बनने से पहले वह विधायक या एमएलसी भी नहीं थे, इसलिए उनके पास पहले से कोई सरकारी बंगला नहीं है।

सुशील मोदी, तेजस्वी यादव जैसे नेता रह चुके यहां

पटना में 5 देशरत्न मार्ग वाला सरकारी आवास राजनीतिक मायने में काफी अहम माना जाता रहा है। आमतौर पर यह बंगला सरकार में नंबर दो की हैसियत रखने वाले नेताओं को आवंटित किया जाता रहा है। निशांत से पहले सम्राट चौधरी इस बंगले में रहते थे। उनसे पहले महागठबंधन सरकार के दौरान तत्कालीन डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के पास यह आवास था। दिवंगत भाजपा नेता सुशील मोदी भी जब डिप्टी सीएम थे, तब इस आवास में रहे थे।

मौजूदा सम्राट चौधरी सरकार में जेडीयू कोटे से दो डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव हैं। हालांकि, दोनों ही नेता अपने पूर्व में आवंटित आवास में ही रह रहे हैं। अप्रैल 2026 में जब सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पहली बार भाजपा के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार का गठन हुआ, तब जेडीयू कोटे से निशांत के डिप्टी सीएम बनने की चर्चा चली थी। फिर खबर आई कि तब उन्होंने सरकार में आने से इनकार कर दिया था। इसकेबाद मई 2026 में हुए कैबिनेट विस्तार में जेडीयू नेताओं ने निशांत को सरकार में शामिल होने के लिए मनाया। आखिरकार 7 मई को शपथ लेकर वह स्वास्थ्य मंत्री बने।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsमंत्री बनने के 53 दिन बाद सरकारी आवास में पहुंचे निशांत, सम्राट के बगल में बंगला