निशांत के पास सीएम सचिवालय से एक और अफसर की तैनाती, कौशलेंद्र कुमार प्राइवेट सेक्रेटरी बने
बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कौशलेंद्र कुमार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का आप्त सचिव (प्राइवेट सेक्रेटरी) बनाया गया है। निशांत के पास मुख्यमंत्री सचिवालय से यह दूसरे अफसर की तैनाती है।

बिहार के नए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के पास मुख्यमंत्री सचिवालय से एक और अफसर की तैनाती मिली है। सीएम सचिवालय में विशेष कार्य पदाधिकारी (ओएसडी) पद पर तैनात कौशलेंद्र कुमार का ट्रांसफर कर दिया गया है। उन्हें निशांत का आप्त सचिव यानी प्राइवेट सेक्रेटरी बनाया गया है। वह बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। इससे पहले भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी कुमार रवि को सीएम सचिवालय से लाकर निशांत के स्वास्थ्य विभाग का सचिव बनाया गया था।
निशांत के पिता एवं जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते ये दोनों अधिकारी सीएम सचिवालय में तैनात थे। सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को बिप्रसे अधिकारियों के ट्रांसफर की अधिसूचना जारी करते हुए, उनकी सेवाएं मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग को सौंप दी।
कुमार रवि भी सीएम सचिवालय से निशांत के विभाग में आए
हाल ही में 2005 बैच के आईएएस अधिकारी कुमार रवि को भी निशांत कुमार के स्वास्थ्य विभाग का सचिव बनाया गया था। बीते 10 मई को उनकी ट्रांसफर-पोस्टिंग की अधिसूचना जारी की गई। वह सीएम सचिवालय में लंबे समय तक सचिव रहे। अब स्वास्थ्य विभाग का कार्यभार देख रहे हैं।
कुमार रवि नालंदा जिले से आते हैं, जो स्वास्थ्य मंत्री निशांत का गृह जिला भी है। वह नीतीश के भरोसेमंद अफसरों में से एक रहे हैं। बता दें कि नीतीश कुमार के सीएम पद छोड़ने के बाद उनके बेटे निशांत कुमार की सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई एनडीए सरकार में एंट्री हुई। स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद नीतीश के करीबी अफसर कुमार रवि की उनके विभाग में पोस्टिंग पर सियासत में चर्चा भी हुई।
इन मंत्रियों को भी मिले निजी सचिव
सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को अन्य बिप्रसे अधिकारियों की नई नियुक्ति की अधिसूचना भी जारी की। इसके तहत कुछ अन्य मंत्रियों के भी आप्त सचिव (सरकारी पर्सनल सेक्रेटरी ) तैनात किए गए हैं। औरंगाबाद के बंदोबस्त पदाधिकारी रहे पुरुषोत्तम कुमार को विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला मंडल का आप्त सचिव बनाया गया है।
वहीं, मुजफ्फरपुर के जिला परिवहन पदाधिकारी सत्येंद्र यादव को सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव का आप्त सचिव बनाया गया है। दुर्गेश कुमार आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री रत्नेश सदा के आप्त सचिव होंगे, वह सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव और मुख्य जांच आयुक्त निदेशालय कार्यालय में महानिदेशक पद पर तैनात थे। कैमूर के बिप्रसे अधिकारी रिजवान फिरदौश कुरैशी को अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान का पर्सनल सेक्रेटरी बनाया गया है, वह अभी तक पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


