पटना समेत 22 जगहों पर एनआईए की छापेमारी, दिल्ली ब्लास्ट से क्या कनेक्शन?
बिहार की राजधानी पटना, नालंदा, शेखपुरा समेत यूपी और हरियाणा के 22 जगहों पर एनआईए ने छापेमारी कर 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच टीम इसका दिल्ली बम ब्लास्ट से कनेक्शन भी खंगाल रही है।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गैर-कानूनी हथियार एवं गोला-बारूद तस्करी मामले में गुरुवार को बिहार के सात समेत यूपी और हरियाणा के 22 जगहों पर छापेमारी की। जांच एजेंसी ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद, एक करोड़ रुपये से अधिक नकदी, कई डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा संदिग्ध पहचान पत्र सहित कई अहम दस्तावेज भी बरामद किए हैं। एनआईए सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट से जुड़े आरोपियों का कनेक्शन भी खंगाला जा रहा है।
एनआईए (NIA) ने पटना से शशि प्रकाश, शेखपुरा से रवि रंजन सिंह और कुरुक्षेत्र (हरियाणा) से विजय कालरा एवं कुश कालरा को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, ये सभी एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा थे, जो हरियाणा से यूपी और फिर बिहार सहित देश के अन्य हिस्सों में अवैध गोला-बारूद की तस्करी बिक्री और खरीद में शामिल थे।
सूत्रों के मुताबिक, एनआईए की 22 टीमों ने एक साथ बिहार के नालंदा, शेखपुरा और पटना जिलों में 7 स्थानों, उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में 13 स्थानों और हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में दो स्थानों पर तलाशी ली। ये कार्रवाई पिछले दिनों एनआईए की पटना जोनल ऑफिस द्वारा दर्ज एक एफआईआर से जुड़ी है, जिसमें अवैध हथियारों की सप्लाई और संदिग्ध नेटवर्क की जांच चल रही है।
दिल्ली ब्लास्ट से खंगाला जा रहा कनेक्शन
एनआईए के सूत्रों का कहना है कि यह मामला संभावित आतंकी मॉड्यूल से जुड़े तत्वों की जांच का हिस्सा है। एजेंसी को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर दिल्ली ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार या संदिग्ध आरोपियों के कनेक्शन भी खंगाले जा रहे हैं। जांचकर्ताओं का मानना है कि यह चेन दिल्ली ब्लास्ट में शामिल नेटवर्क से जुड़ सकती है, इसलिए एजेंसी दोनों मामलों को समानांतर रूप से लिंक कर जांच कर रही है।

लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।
और पढ़ें



