दिल्ली-पटना बुलेट ट्रेन कॉरिडोर ने पकड़ी रफ्तार, एनएचएसआरसीएल ने रेल मंत्रालय को सौंपी डीपीआर
रेलवे बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि एनएचएसआरसीएल ने वरिष्ठ टेक्नोक्रट्स की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए सात सितंबर 2026 को दो अधिसूचनाएं जारी की गईं।

दिल्ली-वाराणसी से पटना होते हुए सिलीगुड़ी तक प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) कॉरिडोर को जमीन पर उतारने की प्रक्रिया तेज हो गई है। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने 865 किमी लंबे इस कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) रेल मंत्रालय को सौंप दी है। अब परियोजना को गति देने के लिए शीर्ष अधिकारियों की तैनाती की जा रही है। भारतीय रेलवे के पात्र वरिष्ठ अधिकारियों से आवेदन मांगे गए हैं। अधिकारियों की नियुक्ति 30 दिन में की जाएगी।
रेलवे बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि एनएचएसआरसीएल ने वरिष्ठ टेक्नोक्रट्स की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए सात सितंबर 2026 को दो अधिसूचनाएं जारी की गईं। इनके तहत प्रतिनियुक्ति पर तीन ओएसडी और तीन एजीएम स्तर के अधिकारियों की नियुक्ति होगी। ये अधिकारी दिल्ली, वाराणसी, पटना, नोएडा-नई दिल्ली, आगरा और लखनऊ में तैनात होकर परियोजना के संचालन का जिम्मा संभालेंगे।
त्योहार में चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों से प्रवासियों को राहत
इधर त्योहारों में ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने उत्तर बिहार आने वाले प्रवासियों को राहत दी है। पूर्व मध्य रेलवे ने तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। वहीं, योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर फेस्टिवल स्पेशल का फेरा साप्ताहिक से बढ़ाकर सप्ताह में दो दिन करने का निर्णय लिया गया है। इन ट्रेनों के चलने से मुंबई और उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सीटें मिल सकेंगी। पूमरे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, रक्सौल-एलटीटी के 10-10 फेरे बढ़े हैं। ट्रेन संख्या 05557/05558 रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-रक्सौल स्पेशल चलेगी। 05557 रक्सौल से हर मंगलवार को 22 सितंबर से 24 नवंबर तक और 05558 एलटीटी से हर गुरुवार को 24 सितंबर से 26 नवंबर तक चलेगी। इस ट्रेन में 22 कोच होंगे।
वहीं, ट्रेन संख्या 05589/05590 मुजफ्फरपुर-हडपसर स्पेशल के दोनों दिशाओं में 10-10 फेरे होंगे। 05589 मुजफ्फरपुर से हर मंगलवार को 22 सितंबर से 24 नवंबर तक और 05590 हडपसर से हर गुरुवार को 24 सितंबर से 26 नवंबर तक चलेगी। इसमें 22 कोच होंगे। वहीं, ट्रेन संख्या 05585/05586 सहरसा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल सहरसा से हर शुक्रवार को 18 सितंबर से 27 नवंबर तक और एलटीटी से हर रविवार को 20 सितंबर से 29 नवंबर तक चलेगी। दोनों दिशाओं में 11-11 फेरे निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा ट्रेन संख्या 04314/04313 योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी। योगनगरी से यह ट्रेन एक अक्टूबर से 29 नवंबर तक हर रविवार और गुरुवार को तथा मुजफ्फरपुर से 02 अक्टूबर से 30 नवंबर तक हर सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। दोनों दिशाओं में कुल 18-18 फेरे होंगे। ट्रेन में 18 कोच रहेंगे।


