काम की बात: अहमदाबाद से पटना नई स्पेशल ट्रेन चलेगी, आनंद विहार-लौकहा बाजार समेत इन ट्रेनों की अवधि भी बढ़ी
रेलवे ने बिहार से चलने वाली कई ट्रेनों की परिचालन अवधि में विस्तार किया है। इसके अलावा अहमदाबाद से पटना के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाने की भी घोषणा की है। लौकहा बाजार (मधुबनी) से आनंद विहार (दिल्ली) तक चलने वाली स्पेशल ट्रेन अब 18 अगस्त तक चलेगी।

बिहार से दिल्ली, गुजरात जाने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने अहमदाबाद से पटना के बीच नई स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। इसके साथ ही विभिन्न रूटों पर पहले से चल रहीं स्पेशल ट्रेनों की अवधि में भी विस्तार किया गया है। इनमें आनंद विहार-लौकहा बाजार समेत अन्य ट्रेनें शामिल हैं। ट्रेनों में बढ़ी हुई भीड़ के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए यह फैसला लिया गया है।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने शुक्रवार को बताया कि गाड़ी संख्या 09447 अहमदाबाद-पटना स्पेशल ट्रेन का परिचालन 22 जुलाई को अहमदाबाद से किया जाएगा। वापसी में गाड़ी संख्या 09448 पटना-अहमदाबाद स्पेशल 24 जुलाई को पटना से रवाना होगी। इस विशेष ट्रेन के संचालन से गुजरात में कार्यरत बिहार के लोगों और अन्य यात्रियों को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न रूटों पर पहले से संचालित स्पेशल ट्रेनों का परिचालन आगे भी जारी रखने का निर्णय लिया गया है। सबसे पहले गाड़ी संख्या 04014/04013 आनंद विहार - लौकहा बाजार - आनंद विहार स्पेशल की परिचालन अवधि में विस्तार किया गया है। यह ट्रेन झंझारपुर, सकरी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, बगहा और गोरखपुर के रास्ते चलाई जा रही है।
दिल्ली आने-जाने वाले मिथिलावासियों को सुविधा
रेलवे के अनुसार गाड़ी-04014 आनंद विहार-लौकहा बाजार स्पेशल अब 13 अगस्त तक हर सोमवार और गुरुवार को चलेगी, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 04013 लौकहा बाजार-आनंद विहार स्पेशल 18 अगस्त तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को चलाई जाएगी। इस निर्णय से दिल्ली और मिथिलांचल क्षेत्र के यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
सहरसा से पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ी
इसी तरह गाड़ी संख्या 05506/05505 सहरसा-पूर्णिया कोर्ट-सहरसा स्पेशल के परिचालन को भी आगे बढ़ाया गया है। यह ट्रेन दौरम मधेपुरा और बनमनखी के रास्ते संचालित होती है। रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 05506 सहरसा-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल 31 जुलाई तक प्रत्येक शुक्रवार और रविवार को चलेगी। वहीं गाड़ी संख्या 05505 पूर्णिया कोर्ट-सहरसा स्पेशल 3 अगस्त तक प्रत्येक सोमवार और बुधवार को परिचालित की जाएगी। इस विस्तार से कोसी और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को राहत मिलेगी।
रक्सौल-नरकटियागंज स्पेशल ट्रेन अब 26 सितंबर तक चलेगी
इसके अलावा गाड़ी संख्या 05543/05544 रक्सौल-नरकटियागंज-रक्सौल स्पेशल के संचालन को भी 26 सितंबर तक बढ़ा दिया गया है। यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार और शनिवार को दोनों दिशाओं में चलेगी। इस रूट पर बड़ी संख्या में स्थानीय और सीमावर्ती क्षेत्र के यात्री यात्रा करते हैं, इसलिए परिचालन अवधि बढ़ने से नियमित यात्रियों को विशेष लाभ होगा।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


