प्रिंस यादव की मौत का कारण पोस्टमार्टम से नहीं सुलझा, नेपाल पुलिस को अब विसरा जांच रिपोर्ट का इंतजार
रौशन आनंद सर के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में मौत कैसे हुई? इसपर सस्पेंस और भी गहरा गया है। दरअसल प्रिंस यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुद नेपाल पुलिस भी संतुष्ट नहीं है। अब पुलिस प्रिंस यादव के विसरा जांच कराने की बात कह रही है।

पटना स्थित ज्ञान बिंदू जी.एस. एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद सर के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई मौत की गुत्थी अभी सुलझी नहीं है। नेपाल पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस बीच प्रिंस यादव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ गया है लेकिन नेपाल पुलिस इस पोस्टमार्टम रिपोर्ट से अभी संतुष्ट नहीं है। अब पुलिस प्रिंस यादव के विसरा की जांच कराने की तैयारी में है। नेपाल के बिराटनगर-10 स्थित एक होटल में भारतीय युवक प्रिंस कुमार यादव की संदिग्ध मौत के मामले की जांच और तेज कर दी गई है। नेपाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है। ऐसे में मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विसरा जांच कराई जा रही है तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की अतिरिक्त राय भी ली जा रही है। मोरंग पुलिस के अनुसार शनिवार रात होटल में तबीयत बिगड़ने के बाद भारतीय युवक प्रिंस कुमार यादव को मृत घोषित किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट मंगलवार को प्राप्त हुई, लेकिन उसमें हत्या अथवा अन्य किसी आपराधिक कारण की स्पष्ट पुष्टि नहीं हो सकी है। इसी वजह से पुलिस ने विसरा जांच रिपोर्ट का इंतजार शुरू कर दिया है। मोरंग पुलिस के प्रवक्ता एवं डीएसपी मकेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि केवल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना संभव नहीं है। इसलिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से रिपोर्ट का पुनर्मूल्यांकन कराया जा रहा है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के समय मृतक के साथ होटल में ठहरे चार भारतीय नागरिकों को पुलिस ने हिरासत में रखा है। इनमें बिहार के सहरसा निवासी 25 वर्षीय अंकित कुमार यादव, 27 वर्षीय रोशन यादव, 21 वर्षीय लाटू यादव तथा 30 वर्षीय जयराम यादव शामिल हैं। पूछताछ के लिए एक नेपाली नागरिक को भी पुलिस ने अपने नियंत्रण में रखा है।
अदालत से रिमांड अवधि बढ़ाकर पुलिस मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। बताया जाता है कि मृतक प्रिंस कुमार यादव ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के भाई थे। इससे पूर्व बिहार की राजधानी पटना में दो कोचिंग संस्थानों के बीच हुए विवाद के बाद कई लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। इसी क्रम में प्रिंस कुमार यादव और उनके कुछ साथी नेपाल पहुंचे थे, जहां उनकी संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।नेपाल-भारत सीमा से जुड़े इस संवेदनशील मामले को देखते हुए मोरंग पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है और विसरा जांच रिपोर्ट तथा अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं हुई है और न ही मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष निकाला गया है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।


