
नीट छात्रा मौत मामले में मोबाइल खोलेगा राज! जिन फोन नंबरों पर ज्यादा बात हुई, उनकी जांच शुरू
पटना में नीट छात्रा मौत मामले में पुलिस ने मृतका का मोबाइल जब्त किया है। घटना से एक दिन पहले और घटना वाले दिन जिन नंबरों पर सबसे अधिक बातचीत हुई, उनकी जांच की जा रही है। एसआईटी और क्राइम ब्रांच ने सहेलियों, आसपास के लोगों व परिजनों से पूछताछ की है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
राजधानी पटना के मुन्नाचक के एक हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही जहानाबाद की छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के मामले में पुलिस ने मृतका का मोबाइल जब्त कर लिया है। मोबाइल में जिन नंबरों पर सबसे अधिक बातचीत हुई है, उनकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना से एक दिन पहले और घटना के दिन छात्रा ने जिन-जिन लोगों से मोबाइल पर बातचीत की थी, उन सभी नंबरों की पहचान की जा रही है। जांच मं कुछ ऐसे नंबर सामने आए हैं, जिन पर सर्वाधिक बातचीत हुई थी।
जांच में जुटे अधिकारियों की मानें तो मामले के उद्भेदन में जब्त मोबाइल फोन अहम साबित हो सकता है। पांच जनवरी को जहानाबाद से पटना आने के बाद छात्रा ने मोबाइल पर किन-किन लोगों से बातचीत की थी, इसका रिकॉर्ड प्राप्त कर लिया गया है। इनमें से कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा चुकी है। हॉस्टल की कुछ सहेलियों से भी इस संबंध में पूछताछ की है। इसके अलावा एसआईटी ने हॉस्टल के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की है। हालांकि किसी ने भी अब तक घटना को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हॉस्टल के बाहर कई बार गाड़ियां खड़े रहती थीं, लेकिन आने-जाने वाले लोगों के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
घटना की जांच को लेकर क्राइम ब्रांच की टीम शनिवार को छात्रा के घर जहानाबाद पहुंची। टीम ने छात्रा के परिजनों से लंबी पूछताछ की। परिजनों का कहना है कि पुलिस यह जानना चाहती थी कि पटना से आने के बाद छात्रा कहां-कहां गई थी। इस संबंध में परिवार ने जानकारी दी कि वह कहीं नहीं जाती थी और घर पर ही रहती थी। छुट्टी के बाद वह फिर पटना के हॉस्टल चली गई।





