
NDA का मढ़ौरा से निर्दलीय अंकित कुमार को समर्थन, LJP-R की सीमा सिंह का नामांकन रद्द हुआ था
छपरा की मढ़ौरा सीट से एलजेपी-आर की प्रत्याशी सीमा सिंह का नामांकन रद्द होने के बाद अब एनडीए ने निर्दलीय अंकित सिंह को समर्थन देने का फैसला लिया है। वे किसान परिवार से आते हैं और अति पिछड़ा समुदाय से ताल्लुक रखते हैं।
छपरा की मढ़ौरा विधानसभा सीट से एनडीए ने निर्दलीय अंकित कुमार को समर्थन देने का फैसला लिया है। शनिवार को एनडीए की संयुक्त प्रेस वार्ता में इसकी घोषणा की गई। इस मौके पर लोजपा रामविलास) के बिहार प्रभारी सह सांसद अरुण भारती, कार्यकारी अध्यक्ष अशरफ अंसारी, भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा, जदयू विधान पार्षद नीरज कुमार, संजय मयूख, अनुप्रिया यादव उपस्थित रहे। इस मौके पर अंकित कुमार ने कहा कि वे किसान के बेटे हैं, अति-पिछड़ा के बेटे हैं। एनडीए और चिराग पासवन ने मुझे मौका दिया, इसके लिए धन्यवाद

आपको बता दें चिराग पासवान की पार्टी ने भोजपुरी एक्ट्रेस सीमा सिंह को मढ़ौरा से प्रत्याशी बनाया था। लेकिन नामांकन के दस्तावेजों में खामियों के चलते उनका नॉमिनेशन रद्द हो गया। सीमा सिंह भोजपुरी इंडस्ट्री का बड़ा नाम है। अपने आइटम डांस के लिए जानी जाती है। उन्होने 600 से ज्यादा भोजपुरी फिल्मों में काम किया है। निरहुआ समेत कई भोजपुरी स्टार के साथ काम कर चुकी है।
हालांकि अब एक बार फिर से मढ़ौरा की चुनावी लड़ाई दिलचस्प हो गई है। अब इस सीट पर एनडीए समर्थित अंकित कुमार, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के मौजूदा विधायक और प्रत्याशी जितेंद्र कुमार राय और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अभय सिंह के बीच मुकाबला होगा। 2020 में चुनाव में राजद के जितेंद्र कुमार ने जेडीयू के अल्ताफ राजू को 10 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था। वहीं चिराग की पार्टी एलजेपी के प्रत्याशी तीसरे नंबर पर थे। उन्हें 6 हजार से ज्यादा वोट मिले थे। लेकिन इस बार चिराग की एलजेपी-आर एनडीए के साथ है।





