राज्यसभा चुनाव: संजय झा के घर सम्राट चौधरी, हर्ष मल्होत्रा और विजय; वोटिंग से पहले बैठक पर बैठक

Mar 15, 2026 12:54 pm ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान टीम, पटना
share

इस बैठक में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक हर्ष मल्होत्रा, विजय शर्मा , उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार आदि उपस्थित थे। एनडीए विधायकों की बैठक शाम में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी के आवास पर होनी है।

राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग से एक दिन पहले बिहार में राजनीतिक हलचल उफान पर है। एनडीए में बैठक पर बैठक हो रही हैं। राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए विधायक दल की आज शाम होने वाली बैठक के पहले रविवार को जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पर भी वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई। इस बैठक में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक हर्ष मल्होत्रा, विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार आदि उपस्थित थे। एनडीए विधायकों की बैठक शाम में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी के आवास पर होनी है।

माना जा रहा है कि विजय चौधरी के आवास पर होने वाली बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए की रणनीति पर अंतिम मुहर लगेगी। इसके अलावा यह भी तय कर दिया जाएगा कि किस कैंडिडेट को कौन-कौन विधायक वोट करेंगे। इस बैठक को एनडीए के शक्ति प्रदर्शन से भी जोड़ कर देखा जा रहा है। इससे पहले शनिवार को उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अचानक जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के आवास पहुंचे थे। वहां दोनों के बीच राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर लंबी बात हुई थी। बाद में संजय झा ने सभी पांच सीटों पर जीत का दावा किया था। संजय झा ने कहा था कि विपक्ष के भी कई विधायक एनडीए उम्मीदवारों को समर्थन देंगे।

बिहार में राजग गठबंधन के सहयोगी दलों ने चुनाव से पहले शनिवार को ही अपनी-अपनी रणनीति पर चर्चा करने के लिए अपने-अपने विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकें की थी। एक तरफ जहां भाजपा की राज्य इकाई की कोर कमेटी की बैठक पटना स्थित पार्टी कार्यालय में हुई, वहीं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा-रामविलास)ने भी अपने विधायकों की अलग बैठक बुलाई। बिहार में राज्यसभा चुनाव के केंद्रीय पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ​​और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा दोनों बैठकों में उपस्थित थे। शनिवार को राज्य की राजधानी में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर भी ऐसी ही एक बैठक हुई।

राजग के उम्मीदवार कुशवाहा, उच्च सदन में लगातार दूसरी बार चुने जाने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा की राज्य इकाई की कोर कमेटी की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा, “यह बैठक राज्यसभा चुनाव में मतदान के बारे में नव निर्वाचित पार्टी विधायकों को सूचित करने और प्रशिक्षित करने के लिए बुलाई गई थी।”

5 सीट के लिए 6 प्रत्याशी मैदान में

16 मार्च को होने वाले चुनाव में एनडीए की तरफ से 5 प्रत्याशी मैदान में है। इनमें - नीतीश कुमार, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और बीजेपी नेता शिवेश राम शामिल हैं। इसके अलावा इस चुनाव में राजद ने एडी सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवारों के मैदान में होने की वजह से यह चुनाव बेहद दिलचस्प हो चला है।

महागठबंधन की भी बैठक

इधर राज्यसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने को महागठबंधन भी एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए है। रविवार को एक बार फिर महागठबंधन के घटक दल के विधायकों का जुटान होगा। पूर्व सीएम राबड़ी देवी के सरकारी आवास दस सर्कुलर या नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के सरकारी आवास एक पोलो रोड में बैठक होगी। बैठक शाम में होगी जिसमें राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद भी शामिल हो सकते हैं। साथ ही राजद, कांग्रेस, आईपीपी व वामदल के विधायक भी बैठक में रहेंगे।

बैठक में विधायकों को रास चुनाव में मतदान करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। रविवार को एआईएमआईएम के अख्तरूल ईमान की ओर से दावत-ए-इफ्तार का भी आयोजन किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव को खुद एआईएमआईएम नेता ने आमंत्रण दिया था। तेजस्वी इफ्तार में शामिल होने की बात पहले ही कह चुके हैं।

इफ्तार के बहाने राजद एआईएमआईएम विधायकों का समर्थन जुटाने की कवायद कर रहा है। गौरतलब है कि राजद प्रत्याशी एडी सिंह की जीत के लिए छह वोटों की दरकार है। महागठबंधन के पास अभी 35 विधायक हैं। जीत के लिए एआईएमआईएम के पांच और बसपा के एक विधायक का समर्थन जरूरी है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।