बांकीपुर को सलाहकार नहीं सेवादार चाहिए: प्रशांत किशोर पर एनडीए कार्यकर्ताओं को स्पेशल टास्क
बीजेपी नेता ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि प्रशांत किशोर वर्षों तक दूसरों को चुनाव जिताने की रणनीति बनाते रहे, लेकिन अब बांकीपुर को किसी सलाहकार नहीं, सेवादार चाहिए।

Bankipur By-Election: भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने गुरुवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान करबिगहिया और चांदपुर बेला में पार्टी प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। कहा कि यह चुनाव किसी राजनीतिक प्रयोग या किसी व्यक्ति की महत्वाकांक्षा का नहीं, बल्कि बांकीपुर के विकास और जनता के विश्वास का चुनाव है। बांकीपुर को सलाहकार की नहीं, सेवादार की जरूरत है। पीके को मात देने और नीरज को जीत दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रति दिन 10 घरों में संपर्क करने का टास्क दिया गया है।
ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि प्रशांत किशोर वर्षों तक दूसरों को चुनाव जिताने की रणनीति बनाते रहे, लेकिन अब बांकीपुर को अपनी राजनीतिक प्रयोगशाला बनाने की कोशिश कर रहे हैं। बांकीपुर की जनता किसी सलाहकार के प्रयोग का हिस्सा नहीं बनेगी। जनता ऐसे प्रतिनिधि को चुनेगी जो चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर दिन जनता के बीच रहे, उनके सुख-दुख में सहभागी बने और विकास के लिए जवाबदेही के साथ काम करे। उन्होंने कहा कि रणनीतिकार चुनाव की गणित समझता है, लेकिन सेवादार जनता का विश्वास जीतता है। बांकीपुर की जागरूक जनता इस फर्क को अच्छी तरह समझती है और राजनीतिक नैरेटिव नहीं, बल्कि सेवा और कार्य के आधार पर अपना निर्णय करेगी।
कार्यकर्ता हर दिन दस वोटरों से संपर्क करें
बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो.रणबीर नंदन ने कहा कि बांकीपुर विधान सभा उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी नीरज सिन्हा रिकार्ड मतों से विजयी होंगे। वे वार्ड 22 में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया वे चुनाव प्रबंधन के तहत हर दिन 10 मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करें। एनडीए सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों के बारे में बतायें। कार्यक्रम की अध्यक्षता मनोज कुमार सिन्हा, संचालन अमर कुमार सिन्हा व धन्यवाद ज्ञापन अधिवक्ता कृष्णानंद द्धिवेदी ने किया।
कार्यक्रम में हिमांशु चतुर्वेदी, डॉ.संजय सहाय, रीता कुमार रश्मि, जया, विभा सिन्हा, ज्योति शेखर, आदर्श अमर, रौशन सिन्हा, संजय सिन्हा, मनोज कुमार उर्फ बबलू, एजाज अहमद, अवधेश प्रसाद सिन्हा समेत बड़ी संख्या में नेताओं ने संबोधित किया।
छात्रों का आंदोलन लाठीचार्ज से रुकने वाला नहीं
इस बीच बांकीपुर में जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर छात्र आन्दोलन को चुनावी मुद्दा बनाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा है कि छात्रों पर जो लाठियां चली हैं, उसकी भर्त्सना करते हैं। यह तो अभी शुरुआती दौर है। अभी छात्रों को डराया जाएगा, पीटा जाएगा। लेकिन यह आंदोलन रुकने वाला नहीं है। उन्होंने बुधवार को आंदोलनकारी छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि छात्रों का यह आंदोलन शक्ति से नहीं दबाया जा सकता है। जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर गुरुवार की दोपहर बाद बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क व चुनाव प्रचार अभियान में निकले। उन्होंने लगभग आधा दर्जन मोहल्ला बैठक की और वार्ड के प्रबुद्ध लोगों के साथ चर्चा में शामिल हुए। अभियान की शुरुआत यारपुर राजपूताना से हुआ। इसके बाद वार्ड 17 के जय प्रकाश नगर में मोहल्ला बैठक में शामिल हुए। बाद में वार्ड 35 में आयोजित मोहल्ला बैठक में उन्होंने मतदाताओं से जन सुराज के लिए वोट मांगा। शाम 5 बजे से 6 बजे के बीच वार्ड 37 में कदमकुआं स्थित रूप चंद भगत उत्सव हॉल में प्रबुद्ध लोगों के साथ चर्चा की। शाम में वार्ड 27 स्थित कलेक्ट्रेट घाट व अंटा घाट में मोहल्ला बैठक में शामिल हुए।


