
मिट्टी की जांच किसान की खेती का पहला कदम
नवादा/नारदीगंज, हिसं/संसू। विश्व मृदा दिवस पर नारदीगंज प्रखंड के काशी बिगहा ग्राम में कृषि विज्ञान केंद्र ग्राम निर्माण मंडल नवादा द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
नवादा/नारदीगंज, हिसं/संसू। विश्व मृदा दिवस पर नारदीगंज प्रखंड के काशी बिगहा ग्राम में कृषि विज्ञान केंद्र ग्राम निर्माण मंडल नवादा द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को मृदा जांच के महत्व, मिट्टी संरक्षण, उर्वरकों के संतुलित उपयोग एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण के साथ ही लाभों के बारे में जानकारी देना था। कार्यक्रम में क्षेत्र के 108 किसानों ने भाग लिया। किसानों को उनके खेत की मिट्टी की स्थिति को समझने हेतु मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन कृषि वैज्ञानिक रोशन कुमार ने किया। उन्होंने मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरक प्रबंधन, सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी की पहचान और उत्पादन बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर कार्यक्रम सहायक अनिल कुमार ने भी किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मिट्टी की जांच किसान की खेती का पहला कदम है। सही जानकारी मिलने पर किसान कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं। मृदा स्वास्थ्य कार्ड का उपयोग कर किसान अपनी फसलों के लिए आवश्यक उर्वरक का सटीक और संतुलित प्रयोग कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मृदा उपचार और जैविक विधियों से मिट्टी की उर्वरता वर्षों तक सुरक्षित रखी जा सकती है। मौके पर विकास कुमार और पप्पू कुमार भी मौजूद रहे। किसानों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रश्न पूछे और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार खेती करने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और किसानों में मृदा परीक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




