पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण जरूरत
विश्व पर्यावरण दिवस पर हरित वाटिका पार्क में जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि पौधों का संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में छात्रों को सम्मानित किया गया और जागरूकता रथ को रवाना किया गया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को शहर के ऑफिसर कॉलोनी स्थित हरित वाटिका पार्क में जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण के विस्तार एवं सतत विकास के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण को अपने सामाजिक दायित्व के रूप में स्वीकार करना चाहिए।
कार्यक्रम का महत्व
उन्होंने कहा कि पौधे पृथ्वी के प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने, स्वच्छ वायु उपलब्ध कराने तथा भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण के लिए सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। विश्व पर्यावरण दिवस के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को जिला पदाधिकारी ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
जागरूकता रथ
कार्यक्रम के दौरान डीएम ने पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से जागरूकता रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूक करेगा। इस दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी श्रेष्ठ कृष्णा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में लगभग 05 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले के छात्र-छात्राएं अपने विद्यालय पहचान-पत्र (आई-कार्ड) के माध्यम से वन विभाग के कार्यालय से दो-दो पौधे प्राप्त कर उनका रोपण कर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
समुदाय की भागीदारी
उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य विशेष अवसरों पर कम-से-कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर गोपनीय शाखा प्रभारी राजीव कुमार, प्रभारी सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अमरनाथ कुमार, अंचलाधिकारी नवादा सदर विकेश कुमार, वन विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। (नवादा से शशि भूषण पाठक)
FAQs
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


