Nawada News: शहर के कई इलाके में जलजमाव, गदंगी से चलना दुश्वार
Nawada News: नवादा नगर परिषद क्षेत्र के कई इलाकों में जलजमाव से नागरिकों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी और जलजमाव के कारण आवागमन की स्थिति बिगड़ गई है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर हो रहा है। सफाईकर्मियों और आम जनता की लापरवाही इस स्थिति को और बिगाड़ रही है।

Nawada News: नवादा नगर परिषद क्षेत्र स्थित कई इलाकों में जलजमाव से भारी फजीहत झेलने की बाध्यता नवादावासियों समक्ष आ गयी है। जलजमाव वाले इलाके गंदगी का पर्याय बन चुके हैं, जिसके बीच लोग जीने को मजबूर हैं। नगर परिषद की सुस्ती यदि इसका कारण बन रहा है तो आमजनों की लापरवाही भी भारी पड़ रही है। जलजमाव और इस कारण उत्पन्न बुरे हाल से आवागमन की स्थिति गंभीर हो चली है, लेकिन किसी स्तर पर इससे निजात की पुख्ता व्यवस्था नहीं हो पा रही है। निराशाजनक तो यह है कि कलेक्ट्रेट तक जलजमाव से झील बना दिख रहा है, जबकि सदर अस्पताल का भी यही हाल है। इसके अलावा, राजेन्द्र नगर में टाउन हाल के आसपास का पूरा क्षेत्र पूरी तरह से जलजमाव और गंदगी का सबब बना पड़ा है। जवाहरनगर, इंदिरा चौक समेत पम्पूकल चौक का भी ऐसा ही बुरा हाल है। इसके अलावा, शहर के दर्जनों रिहायशी वार्ड भी नरकीय स्थिति तक पहुंच चुके हैं। यह स्थिति न केवल शहर की सूरत बिगाड़ रही है, बल्कि सीधे तौर पर आम नागरिकों के स्वास्थ्य और स्वच्छता के बुनियादी अधिकार पर कुठाराघात कर रही है।


