दूसरे गांव में स्कूल शिफ्ट करने का ग्रामीणों ने किया विरोध

Jan 08, 2026 02:18 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नवादा
share

हिसुआ के फुलवरिया वार्ड के ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय को सिंघोली में शिफ्ट करने का विरोध किया। उन्होंने बीडीओ को अपनी चिंताएं बताई, जिसमें बच्चों की सुरक्षा की चिंता शामिल थी। बीडीओ ने स्थिति का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया और पुराने भवन को ध्वस्त करने पर विचार करने का निर्णय लिया।

दूसरे गांव में स्कूल शिफ्ट करने का ग्रामीणों ने किया विरोध

हिसुआ, निज संवाददाता। हिसुआ नगर परिषद के वार्ड नंबर दस फुलवरिया के दर्जनों ग्रामीणों ने बुधवार को एकजुट होकर प्राथमिक विद्यालय फुलवरिया को सिंघोली स्थित विद्यालय में शिफ्ट किये जाने का जमकर विरोध किया। इसके बाद प्रखंड कार्यालय पहुंचे दर्जनों अविभावकों नें बीडीओ देवानंद कुमार सिंह को अपनी व्यथा सुनाई। कहा कि विद्यालय में कक्षा एक से पांचवीं तक के वर्ग संचालन के लिए पर्याप्त जगह और कमरा मौजूद है। बावजूद इसके प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बिना स्थिति का जायजा लेते हुए विद्यालय को गांव से दूर तिलैया नदी के उस पार स्थित गांव में शिफ्ट कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि वहां जाने के लिए बच्चों को खेतों की पगडंडियों के सहारे घनी झाड़ी और फिर नदी पार कर जाना पड़ता है।

नदी किनारे सुनसान होने और सियार के काटने का खतरे के साथ ही बालू माफियाओं द्वारा नदी में जगह-जगह किये गए गहरे गड्ढे में डूबने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने कहा कि पिछले 8 नवंबर से ही बच्चों की पढ़ाई बाधित है। हम लोग उक्त विद्यालय में अपने बच्चों को नहीं भेज सकते। बीडीओ ने ग्रामीणों की व्यथा पर तुरंत संज्ञान लेते हुए लोगों को वापस घर जाने और खुद स्थलीय निरीक्षण करने की बात कही। इसके कुछ देर बाद बीडीओ फुलवरिया प्राथमिक विद्यालय पहुंचे, जहां विद्यालय के नए भवन में कक्षा संचालन के लिए पर्याप्त जगह पाया और वहां मौजूद शिक्षकों और ग्रामीणों को विद्यालय प्रबंध शिक्षा समिति द्वारा बैठक कर विद्यालय के जर्जर पुराने भवन को ध्वस्त करने की सहमति बनाकर मिलने को कहा। वहां मौजूद शिक्षकों और प्रबंध कारिणी के सदस्यों ने गुरुवार को बैठक बुलाकर इसपर सर्वसम्मती से निर्णय लेने की बात कही। बीडीओ देवानंद कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि पुराने बिल्डिंग की स्थिति खराब है जो कभी भी गिर सकता है। इससे बच्चों को हमेशा खतरा बना रहता है। अगर विद्यालय शिक्षा समिति सर्वसम्मति से पुराने बिल्डिंग को ध्वस्त करने का प्रस्ताव लाती है तो इस पर फौरन निर्णय लेते हुए पुराने भवन को ध्वस्त कर दिया जाएगा, जिससे वहां बच्चों के खेलने के लिए पर्याप्त जगह भी उपलब्ध हो जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।