
शहर में तालाब और पार्क का होगा नवीनीकरण
नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने सोमवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न शहरी विकास परियोजनाओं की विस्तृत प्रगति...
नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने सोमवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न शहरी विकास परियोजनाओं की विस्तृत प्रगति समीक्षा की। योजना का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार, प्रमुख स्थलों का सौंदर्यीकरण, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित नगरीय वातावरण का निर्माण तथा सार्वजनिक स्थलों की उपयोगिता बढ़ाना है। बैठक में बुडको के परियोजना निदेशक अभिषेक कुमार ने अवगत कराया कि नगर क्षेत्र में स्वीकृत चार महत्त्वपूर्ण परियोजनाएं अम्बेडकर पार्क का विकास, जेपी चौक का विकास, पटेल चौक का विकास तथा भगत सिंह चौक का नवीनीकरण पूर्ण रूप से संपन्न कर ली गई हैं।
इन चारों परियोजनाओं पर कुल 68,06,997 की स्वीकृत राशि व्यय कर कार्य पूर्ण किया गया है, जिससे इन स्थलों की सुंदरता, संरचना एवं उपयोगिता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसके अतिरिक्त योजना के अंतर्गत आठ अन्य प्रमुख परियोजनाएं वर्तमान में निर्माणाधीन हैं, जिनकी कुल स्वीकृत राशि 11,21,94,288 है। इनमें तालाब एवं पार्क का नवीनीकरण, महादेव मोड़ से सिरोडाबर गांव तक सड़क निर्माण, मेन रोड से चांदनी चौक मस्जिद बाईपास तक आरसीसी नाला निर्माण जैसी आधारभूत संरचना से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं। साथ ही, हरिश्चंद्र तालाब से सुमंगलम होटल होते हुए बरहगैईन पैन तक आरसीसी नाला निर्माण तथा गोवर्धन मंदिर से यादव चौक, वीआईपी कॉलोनी से गोनावा आहर तक नाला एवं सड़क निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रियाधीन है। टेंडर की प्रक्रिया के उपरांत इन कार्यों को शीघ्र आरंभ कराया जाएगा। इनसे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जल-जमाव की समस्या से राहत मिलेगी तथा आवागमन सुगम होगा। समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी कार्यों को शीघ्रता एवं गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी,नगर परिषद नवादा, नगर परिषद हिसुआ, नगर परिषद वारिसलीगंज एवं नगर पंचायत रजौली के साथ-साथ अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




