
वर्षाश्रित क्षेत्र विकास कार्यक्रम से जुड़कर लाभ लें जिलेभर के किसान
नवादा में आत्मा द्वारा दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला का आयोजन किया गया। डीएम रवि प्रकाश ने उद्घाटन किया और किसानों को वर्षाश्रित क्षेत्र विकास कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। मेले में विभिन्न कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगी, जिसमें जैविक खाद, फलदार पौधों की नर्सरी और मसाला उत्पाद शामिल थे।
नवादा, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिला कृषि प्रक्षेत्र (शोभिया), नवादा के प्रांगण में आत्मा, नवादा की ओर से दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन डीएम रवि प्रकाश ने किया। उन्होंने किसानों को वर्षाश्रित क्षेत्र विकास कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की। साथ ही स्थानीय कृषि विज्ञान केन्द्र, सोखोदेवरा के द्वारा कृषि क्षेत्र में किये जा रहे नवाचार गतिविधियों के अवलोकन हेतु किसानों को केन्द्र का भ्रमण करने की बात कही। किसान मेला में नवादा की विधायक विमा देवी, गोविन्दपुर विधायक विनिता मेहता एवं जिला परिषद अध्यक्ष पुष्पा देवी भी उपस्थिति रहीं। सबों ने किसानों का मृदा स्वास्थ्य कार्ड का भी वितरण किया।
जिला कृषि पदाधिकारी अजीत प्रकाश ने बताया कि मेला 13 दिसम्बर को भी आयोजित किया जायेगा। किसान मेला में कृषि, उद्यान, मिटटी माँच, पौधा संरक्षण, भूमि संरक्षण, प्राकृतिक खेती की कृषि सखी के स्टॉल के साथ-साथ सभी 14 प्रखण्डों के प्रगतिशील कृषकों के द्वारा अपने उत्पाद की भी प्रदर्शनी लगाई गई। इस दौरान जिला पदाधिकारी एवं जन प्रतिनिधियों ने मेला में लगे एक-एक स्टॉल का अवलोकन किया। मेला स्टॉल पर कृषि की विशिष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी में अकबरपुर प्रखण्ड के प्रगतिशील किसान कृष्णा प्रसाद एवं गोविन्दपुर के प्रगतिशील किसान देवेन्द्र प्रसाद ने जैविक खाद के प्रयोग से उत्पादित ब्रोकली, बैंगन एवं अन्य सब्जियों, नवादा प्रखण्ड के प्रगतिशील किसान प्यारे चौहान ने समेकित कृषि प्रणाली के तहत कड़कनाथ मुर्गा, वारिसलीगंज प्रखण्ड के प्रगतिशील किसान मदन मोहन सिंह ने पूसा बासमती धान, नारदीगंज प्रखण्ड की किसान सबिता देवी, जो कि वर्मी कम्पोस्ट का उत्पादन कर महीने की अच्छी कमाई कर रही है, ने भी वर्मी कम्पोस्ट का स्टॉल लगाया। मेला में आगन्तुक कृषकों को कृषि विज्ञान केन्द्र के कृषि वैज्ञानिक रविकान्त चौबे ने रबी फसलों की खेती की तकनीकी जानकारी एवं अगन्द कुमार ने उद्यानिक फसलों की खेती की जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया। फलदार पौधों की नर्सरी तैयार कर बढ़ाई आमदनी रोह प्रखण्ड के विनोद कुमार, जो कि फलदार पौधों की नर्सरी तैयार कर उसकी बिक्री से अपने आमदनी को बढ़ाया है, ने विभिन्न पौधों की नर्सरी की प्रदर्शनी लगाई। साथ ही सिरदला प्रखण्ड की किसान सुनीता देवी, जो कि मसाला की खेती कर अच्छा मुनाफा कमा रही है, ने भी अपने विभिन्न मसाला उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। पकरीयरावों प्रखण्ड के प्रगतिशील किसान एव जिले के किसान भूषण रहे नागेन्द्र कुमार ने काला चना, काला चावल एवं रजौली प्रखण्ड के प्रगतिशील किसान विरेन्द्र राजवंशी ने कुल्थी एवं तीसी का स्टॉल लगाया। परिभ्रमण में आये किसानों ने मेला में लगे विभागीय स्टॉल पर विभागीय योजनाओं की जानकारी को प्राप्त किया तथा कृषि यंत्र विक्रेताओं द्वारा लगाये गये स्टॉल से किसानों ने अपने आवश्यकता के अनुसार यंत्रों का भी क्रय किया। मेला में आगन्तुक किसान कृषि यंत्रों के परिचालन एवं उनके प्रयोग का जीवन्त प्रदर्शन भी देखा। ------------------- प्रगतिशील किसानों ने साझा किए अपने अनुभव मेला में आये प्रगतिशील किसानों ने भी मेला में उपस्थित किसानों से अनुभव को साझा किया। मेला में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से फसल अवशेष प्रबन्धन एवं प्राकृतिक खेती पर आगुन्तक कृषकों को जागरूक किया गया। मेला में जिला उद्यान पदाधिकारी विवेक भारती, उप परियोजना निदेशक, आत्मा, नवादा उपेन्द्र कुमार, अनुमण्डल कृषि पदाधिकारी, नवादा सत्येन्द्र कुमार, सहायक निदेशक, भूमि संरक्षण शिम्पी कुमारी, सहायक निदेशक, पौधा संरक्षण संतोष कुमार, सहायक निदेशक, बीज विश्लेषण प्रशान्त कुमार, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी (आत्मा) कृतिका भावना, डीडीएम नाबार्ड, अग्रणी बैंक प्रबन्धक, जिला गव्य विकास पदाधिकारी के साथ-साथ जिले के सभी प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, बीटीएम एवं एटीएम उपस्थित रहे। मंच का संचालन सुरेन्द्र पाल, कृषि समन्वयक एवं मनीष कुमार सहायक तकनीकी प्रबन्धक कर रहे थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




