
अज्ञात वाहन की चपेट में आकर दो दोस्तों की गई जान
पकरीबरावां, निज संवाददाताशनिवार की रात को नवादा-जमुई पथ पर धमौल थाना क्षेत्र के जमहड़िया के पास सड़क हादसे में गुलनी पंचायत के अटारी गांव के दो युवकों की मौत हो गई।
पकरीबरावां, निज संवाददाता शनिवार की रात को नवादा-जमुई पथ पर धमौल थाना क्षेत्र के जमहड़िया के पास सड़क हादसे में गुलनी पंचायत के अटारी गांव के दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों में विनोद यादव का 20 वर्षीय पुत्र रवि कुमार और धनेश्वर यादव का 25 वर्षीय पुत्र सतीश यादव शामिल है। दोनों बाइक पर सवार होकर जमुई जिले के अलीगंज स्थित अपनी फूआ के घर जा रहे थे। तभी यह हादसा हुआ। धमौल थाना के अपर थानाध्यक्ष इंद्रमल मांझी ने बताया कि पुलिस को सवा आठ बजे के आसपास घटना की जानकारी मिली। घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की गई।
दोनों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया गया। वहीं परिवार के लोगों ने बताया कि रवि रात के 8 बजे के आस पास गांव से अपनी फुआ के यहां अलीगंज जा रहा था। बाइक पर उसके साथ सतीश भी था। वहां जाने के दौरान जमहड़िया के पास बाइक की किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटनास्थल के पास से लोगों ने अटारी गांव के लोगों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। इस बीच घटना की जानकारी पुलिस को मिलने पर धमौल पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस ने दोनों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। एक साथ दो युवकों की मौत से गांव का माहौल गमगीन हो गया है। घटना से हर कोई मर्माहत है। परिवार वालों का रो- रोकर बुरा हाल हादसे में गांव के एक साथ दो युवकों की मौत से परिवार वालों का रो- रोकर बुरा हाल है। मृतक सतीश यादव तीन भाइयों में से सबसे छोटा था। लगभग डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसे एक माह का बेटा भी है। वहीं, रवि कुमार तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। अपने घर का सबसे बड़ा पुत्र होने के कारण परिवार का भरण-पोषण वही करता था। उसकी शादी भी दो साल पहले हुई थी और उसका भी एक बेटा है। रवि किसान का काम करके अपने परिवार का गुजारा चलाता था। घटना से दोनों परिवारों पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधा रहे हैं। नेताओं ने पीड़ित परिवार को बंधाया ढांढ़स घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नेता पीड़ितों के घर पहुंचने लगे हैं। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सतीश कुमार उर्फ मंटन सिंह, वारिसलीगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रदीप कुमार, गुलनी पंचायत के मुखिया मनोज चौरसिया, धमौल पंचायत के मुखिया रामरूप यादव, बेलखुंडा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि धर्मराज यादव, बुधौली पंचायत के पूर्व मुखिया विजय यादव, यदुवंशी एकता जागृति मंच के अध्यक्ष दिनेश यादव, संजय यादव, प्रमोद यादव, प्रकाश यादव, सुरेन्द्र यादव सहित अन्य ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान नेताओं ने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय कुमार से पारिवारिक लाभ योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ देने की बात की। नेताओं ने प्रशासन से मुआवजा की भी मांग की। पकरीबरावां में लगातार हो रहा है हादसा पकरीबरावां प्रखंड में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। एक सप्ताह के भीतर पकरीबरावां प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर हुए हादसे में तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सबसे ज्यादा सड़क हादसा कचना मोड़ एवं उसके आस पास होता है। लोगों ने इस स्थान को डेंजर जोन घोषित करने की मांग भी की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




