Nawada News: स्कूल बस और बाइक की टक्कर में युवक की मौत, सड़क जाम
Nawada News: कौआकोल थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल बस और बाइक के बीच भयानक टक्कर में बाइक सवार जीतेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने गुस्से में बस का शीशा तोड़ दिया और सड़क को जाम कर दिया। जीतेंद्र, जो नवजात पुत्री का पिता था, का निधन उसके परिवार के लिए एक दुखद घटना बनी।

Nawada News: कौआकोल थाना क्षेत्र के पकरीबरावां-कौआकोल मुख्य पथ पर सरौनी मोड़ से आगे टर्निंग पर सोमवार को एक निजी स्कूल बस और बाइक की सीधी टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बहरोईचक गांव निवासी चंद्रकेशर यादव के 22 वर्षीय पुत्र जीतेंद्र कुमार के रूप में की गई है। गुस्साए लोगों ने घटनास्थल पर सड़क को जाम कर दिया। वहीं स्कूल बस का शीशा भी तोड़ डाला। बताया जा रहा है कि जीतेंद्र कुमार अपनी भांजी को कौआकोल थाना क्षेत्र के मननियांतरी स्थित उसके घर छोड़ने के बाद बाइक से वापस अपने गांव बहरोई लौट रहा था। इसी दौरान सरौनी मोड़ से पहले टर्निंग पर उसने विपरीत दिशा से आ रही स्कूल बस में सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर प्रशासन की प्रतिक्रिया
तीन घंटे तक जाम रहने से आवागमन ठप इधर, घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। आक्रोशित लोगों ने बस का शीशा तोड़ दिया। साथ ही कौआकोल-पकरीबरावां पथ को सरौनी टर्निंग के पास जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने के कारण यातायात बुरी तरह ठप हो गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दरम्यान उस पथ के बस यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष अनील कुमार सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया। 5 बजे जाम को काफी मशक्कत के बाद समाप्त कराया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया।
जीतेंद्र कुमार का परिवार
नवजात पुत्री के सिर से उठा पिता का साया बताया जा रहा है कि जीतेंद्र कुमार परिवार का इकलौता वारिस था। कुछ दिन पहले ही उसे एक पुत्री का जन्म हुआ था और परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन सड़क हादसे की खबर मिलते ही यह खुशी मातम में बदल गई। नवजात पुत्री के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंच कर युवक का शव को देखकर दहाड़ मार-मारकर रोने लगे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। उनके विलाप से माहौल गमगीन बना रहा। (कौआकोल से शिव शंकर सिंह)


