
पश्चिम बंगाल और भूटान के पर्यटकों से मारपीट, आरोपित गिरफ्तार
राजगीर से बोधगया जा रहे पश्चिम बंगाल और भूटान के पर्यटकों पर हिसुआ में बाइक सवार अपराधियों ने हमला किया। एक पर्यटक दिलीप लामा घायल हुए। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आरोपी कुंदन किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 24 नवंबर को हुई थी।
हिसुआ, निज संवाददाता। राजगीर से घूमकर बोधगया की ओर जा रहे वाहन को रुकवाकर उसमें सवार पश्चिम बंगाल और भूटान के पर्यटकों से मारपीट की गई। इस मामले के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नवादा सदर एसडीपीओ 2 राहुल सिंह ने शनिवार को हिसुआ थाना में प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए कहा कि 24 नवंबर को पश्चिम बंगाल और भूटान के कुछ पर्यटक पश्चिम बंगाल नंबर के वाहन से राजगीर से घूमकर बोधगया की ओर जा रहे थे। इसी बीच हिसुआ थानाक्षेत्र के बस्ती बिगहा बाजार के समीप दोपहर 1 बजे के करीब बिना नंबर के बाइक सवार अपराधी ने उनके वाहन को ओवरटेक कर रुकवाया।

फिर उसमें सवार पर्यटकों के साथ मारपीट और छीनतई का प्रयास किया गया, जिसका विरोध करने पर पश्चिम बंगाल के अलीपुर जिले के जयगांव निवासी पर्यटक दिलीप लामा को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया गया। इस घटना में दिलीप लामा का सिर फट गया था। वे किसी तरह अपनी जान बचाकर हिसुआ पहुंचे और पुलिस को लिखित सूचना देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद तकनीकी सर्विलांस एवं मानवीय सूचना संकलन के आधार पर जिले की हिसुआ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इसमें शामिल अपराधी नारदीगंज थानाक्षेत्र के कोशला निवासी शैलेश कुमार के 40 वर्षीय पुत्र कुंदन किशोर को गिरफ्तार कर लिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




