Nawada News: नवादा जिले के एक ही गांव से तीन स्कूली बच्चे गुरुवार को अचानक लापता हो गये। दोपहर करीब 12 बजे के बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा है। तीनों बच्चे जिले के कादिरगंज थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव के एक ही टोले के रहने वाले बताये जाते हैं व आपस में तीनों दोस्त हैं। इनकी उम्र करीब 11 से 15 वर्ष के बीच की बतायी जाती है। तीनों बच्चे 05 वीं से 09 वीं कक्षा के छात्र बताये जाते हैं। देर शाम तक बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने के बाद इनके अभिभावक कादिरगंज थाने पहुंचे। जहां देर रात गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया। लापता बच्चों में हसनपुरा के अरविन्द कुमार का बेटा आशवीर (14 वर्ष), धर्मेन्द्र कुमार का बेटा धनंजय कुमार (15 वर्ष) एवं शंभू कुमार का बेटा अंकुश कुमार (11 वर्ष) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से एक बच्चे को पिता की डांट पड़ी थी। 24 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। तीनों का आखिरी बार शॉदीपुर हॉल्ट के समीप देखा गया था। वहीं किसी अनिष्ट की आशंका के मद्देनजर बच्चों के माता-पिता बेहद परेशान हैं और इनके घरों में दो दिनों से चूल्हे नहीं जल रहे हैं।
जांच के लिए टीम गठित की गयी
नवादा के सदर एसडीपीओ-01 हुलाश कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए कादिरगंज थाने के थानाध्यक्ष अवध किशोर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गयी है। टीम द्वारा बच्चों के गांव अथवा कादिरगंज क्षेत्र से बाहर निकलने के सभी रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही रेलमार्ग व सड़क मार्ग की सीसीटीवी फुटेज भी देखी जा रही है। गयाजी रेलवे स्टेशन, कादिरगंज के शादीपुर रेलवे हॉल्ट व किऊल रेल जंक्शन पर लगी सीसीटीवी की पड़ताल की गयी है। बच्चों के अभिभावक भी पुलिस के साथ-साथ उनकी बरामदगी के लिए सभी संभावित जगहों पर बच्चों की खोजबीन कर रहे हैं। पुलिस इस मामले में सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है।
घर से रोज निकल रहे थे पर तीन दिनों से नहीं जा रहे थे स्कूल
नवादा, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। तीनों बच्चे अपने-अपने घरों से हर दिन स्कूल टाइम पर निकल रहे थे और क्लास समाप्त होने के समय घर वापस भी लौट रहे थे। परंतु तीनों स्कूल नहीं जा रहे थे। यह खुलासा उनके गायब होने के बाद हुआ है। इनमें से एक बच्चा कादिरगंज के आंती हाईस्कूल में 09 वीं कक्षा का छात्र है। जबकि दो अन्य बच्चे हसनपुरा मध्य विद्यालय में 08 वीं व 05 वीं कक्षा के छात्र हैं। पुलिस द्वारा अनुसंधान के क्रम में पाया गया कि तीनों बच्चे तीन दिनों से स्कूल नहीं जा रहे थे। यह भी पता चला है कि इनमें से एक बच्चे के अभिभावक ने उसके साथ डांट-फटकार की थी। जिससे वह थोड़ा नाराज चल रहा था। परंतु दो अन्य बच्चों के अभिभावकों ने उनके साथ डांट-फटकार की बात से इनकार किया। यह भी बताया जा रहा है कि तीनों बच्चों के पास मोबाइल नहीं है। ये लोग घर से कोई कपड़ा अन्यथा कोई सामान लेकर नहीं निकले है। परंतु इनमें से एक बच्चे के पास करीब तीन हजार रुपये होने की संभावना बतायी जाती है।
शॉदीपुर हॉल्ट के समीप देखे गये थे
आरंभिक जांच में पड़ताल में इस बात का पता चला है कि बच्चों को आखिरी बार दोपहर 12 बजे के करीब कादिरगंज के शॉदीपुर हॉल्ट के समीप देखा गया था। शॉदीपुर हॉल्ट के समीप दुकान चलाने वाले उदय के मुताबिक तीनों बच्चों को वहां पर देखा गया था। परंतु उन्होंने उस वक्त इसे गंभीरता से नहीं लिया था। आशवीर की मां जब वहां अपने बच्चे को ढूंढते हुए पहुंची तब उदय ने उन्हें इस बारे में बताया। आशवीर की मां के मुताबिक डांट के कारण तीन दिनों से आशवीर घर पर खाना नहीं खा रहा था। वहीं इस बात का भी पता चला कि घटना के दिन तीनों में से कोई भी बच्चा अपने स्कूल बैग लेकर घर से नहीं निकला था। सभी बच्चों के स्कूल बैग घरों में ही थे। उनके परिजनों द्वारा खेती कार्य में लग जाने के कारण उनलोगों ने भी इस पर नोटिस नहीं किया।
तीन दिनों से कहां जाते थे बच्चे
पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि यदि तीनों बच्चे पिछले तीन दिनों से अपने-अपने स्कूल नहीं जा रहे थे तो आखिरकार ये लोग कहां जा रहे थे। पुलिस तीनों बच्चों के लापता होने के मामले में डीआईयू व अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ले रही है। साथ स्कूल व अन्य सार्वजनिक जगहों पर उनके छुपे होने अथवा चले जाने जैसी संभावनों के मद्देनजर जांच पड़ताल कर रही है। साथ ही पुलिस रेलमार्ग से बच्चों के निकलने की संभावना के आलोक में रेल विभाग व जीआरपी के संपर्क में है। तीनों बच्चों के फोटो रेलवे, जीआरपी व अन्य संबंधित पुलिस पदाधिकारियों व आसपास के जिलों में जारी कर दिये गये हैं। साथ ही इनके फोटो विभिन्न सोशल साइट पर जारी कर दिये गये है। इस मामले में कादिरगंज थाने में 02 अक्टूबर को कांड संख्या-223/26 दर्ज किया गया है। (नवादा से अरविंद कुमार रवि)